आर्य समाज मंदिर में आयोजित हवन में उपस्थित योगाचार्य हरपाल शास्त्री व अन्य।
बहल। आर्य समाज पिलानी रोड बहल में रविवारीय साप्ताहिक विशेष अधिवेशन स्वर्ण पदक से सम्मानित योग रत्न योगाचार्य हरपाल शास्त्री के ब्रह्मत्व में संपन्न हुआ। यज्ञ के दौरान योगाचार्य ने हवन की विशेष विधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि किसी को यज्ञ के पूरे मंत्र याद नहीं हैं तो भी वह सच्ची भावना के साथ यदि तीन मूल मंत्र का उच्चारण कर लें तो बड़ा लाभ मिलता है।
रविवार को आयोजित यज्ञ में हरपाल शास्त्री ने कहा कि हवन करने से मन शुद्ध होता है, आत्मा बलवान होती है और वाणी पवित्र होने के साथ-साथ ईश्वर की विशेष कृपा प्राप्त होती है। हवन के दौरान गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र व ऋग्वेद का पहला मंत्र ओम विश्वानिदेव भी याद करके हवन कर ले तो भी हवन करने वाले को बहुत लाभ मिल सकता है। उन्होंने उपस्थितजनों से आर्य समाज के साप्ताहिक यज्ञ में नियमित रूप से आने का आग्रह करते हुए कहा कि एक बार ईश्वर से जुड़ने का प्रयास तो करें तो कृपा अपने आप बरसनी शुरू हो जाएगी।
यज्ञ के उपरांत हरपाल शास्त्री ने योग साधना पद्धति से मरीजों का इलाज किया। आर्य समाज विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एनपी गौड़ ने आचार्य हरपाल शास्त्री से बहल में पिछले वर्ष की तरह योगा कैंप लगाने का आग्रह किया। इस पर उन्होंने अगस्त या सितंबर माह में शिविर लगाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आर्य समाज पिलानी रोड बहल के प्रधान सुशील केडिया, उप प्रधान संदीप दीक्षित, कोषाध्यक्ष बलवान सिंह, फूलचंद आर्य, शिवम् मित्तल, पवन पंघाल, डॉ. सुनील चावला, पंकज कुमार मौजूद रहे।