सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय नियमित परीक्षा मार्च-2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने वाले परीक्षार्थियों द्वारा आवेदन में किसी भी तरह की शुद्धि का मौका दिया है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव एवं सचिव ज्योति मित्तल ने दी।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करते समय स्वयं के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि, विषय व आधार संख्या आदि विवरणों में कोई त्रुटि रह गई है तो ऐसे परीक्षार्थी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर एक से 15 दिसंबर तक 300 रुपये प्रति शुद्धि शुल्क और अधिकतम 600 रुपये शुल्क अदा करते हुए ऑनलाइन माध्यम से विवरणों में शुद्धि कर सकते हैं। परीक्षार्थी द्वारा जिस दस्तावेज के आधार पर विवरणों में शुद्धि की गई है, वह दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि जिन परीक्षार्थियों द्वारा सेकेंडरी मुक्त विद्यालय के लिए आवेदन किया है, ऐसे परीक्षार्थियों द्वारा आधार गणित व मानक गणित में से किसी एक विकल्प का चयन किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस नए प्रावधान के तहत यदि कोई परीक्षार्थी गणित विषय को लेकर कठिनाई महसूस करता है तो सेकेंडरी परीक्षा में आधार गणित लेकर परीक्षा उत्तीर्ण कर सकता है। लेकिन आधार गणित से परीक्षा उत्तीर्ण करने पर परीक्षार्थी सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में प्रवेश के दौरान गणित विषय को अध्ययन हेतु चयन नहीं कर सकता। उन्होंने स्पष्ट करते हुए बताया कि केवल मानक गणित से सेकेंडरी की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थी ही सीनियर सेकेंडरी में गणित विषय की परीक्षा देने के लिए पात्र होंगे।