हरियाणा के भिवानी में भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव धनाना और तालू के बीच भिवानी से जींद जा रही रोडवेज बस की दो हाईवा से टक्कर हो गई। हादसे में हाईवा चालक की मौत हो गई। 14 सवारियां गंभीर घायल हो गईं। 5 सवारियों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहत किया रेफर।
हादसा रोडवेज बस चालक द्वारा हाईवा को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ। इस वजह से सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से उसकी टक्कर हो गई और पीछे आ रहा हाईवा ने भी बस के पिछले हिस्से के ठोक दिया। इस हादसे के बाद रोडवेज बस दोनों हाइवा के बीच फंस गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस में सफर कर रहे 14 लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया।
एक साथ घायलों के अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों में भी अफरातफरी मच गई। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद रोडवेज महाप्रबंधक मनोज दलाल भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने भी आपात विभाग में पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। सभी घायलों को तुरंत उपचार दिलाया।
भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर गांव धनाना से करीब एक किलोमीटर तालू की तरफ जाते ही सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रोडवेज बस ने एक हाईवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरे हाईवा से बस की टक्कर हो गई और पीछे से भी हाईवा बस में जा घुसा। हादसे के बाद दोनों हाईवा के बीच फंसकर रोडवेज बस सड़क किनारे पांच फुट गहरी खाई में फंस गई।
बस में सवार करीब 20 घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया, जिनमें 14 को ज्यादा चोट लगी थी। इनमें भी पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे के वक्त गनीमत यह रही कि उसी समय एक अन्य रोडवेज बस में करीब 20 प्रशिक्षु चालक भी वहां पहुंचे और पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के जवानों के साथ मिलकर सभी घायलों को बस की खिड़की काटकर बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया। मौके पर दो क्रेन भी बुलाई गईं, जिनकी सहायता से हादसा ग्रस्त हुए हाईवा वाहनों को बस से अलग किया और बस में फंसे लोगों को भी बाहर निकाला गया।
सड़क हादसे में मृतक की पहचान हांसी के सुल्तानपुर निवासी 40 वर्षीय धर्मबीर के रूप में हुई है, जो एक हाईवा गाड़ी का चालक था। पुलिस ने मृतक का भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। अचानक एक साथ काफी घायल नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में पहुंचे तो वहां तैनात स्टाफ में भी अफरातफरी मच गई।
व्यवस्था बनाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। रोडवेज महाप्रबंधक मनोज दलाल ने बताया कि हादसे के वक्त प्रशिक्षु चालकों और पुलिस जवानों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत बाद अस्पताल पहुंचा दिया गया। हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी। फिलहाल घायलों को अगर खून की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए भी रोडवेज के कर्मचारी तैयार रहेंगे।
बस चालक राजकुमार की लापरवाही से हुआ हादसा
सड़क हादसा रोडवेज बस चालक की लापरवाही से हुआ है। इस संबंध में हाईवा पर परिचालक जगबीर की शिकायत पर रोडवेज बस चालक राजकुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज हुआ है। हाईवा के चालक धर्मबीर की मौत हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - एएसआई अनिल कुमार, इंचार्ज, मुंढाल कलां पुलिस चौकी।