लोहारू। चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों ने रविवार को एक दिवसीय स्वच्छता कार्यक्रम चलाया। प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार चहल के नेतृत्व में 200 छात्र-छात्राओं ने श्रमदान किया। स्वयंसेवकों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लिया। एनएसएस प्रभारी प्रो. सुजीत कुमार ने एनएसएस का इतिहास बताया। कहा कि इससे करीब 40 लाख स्वयंसेवक जुड़े हैं। यह योजना विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सेवा भाव जगाती है। एनएसएस की द्वितीय इकाई की प्रभारी सीमा ने भी छात्राओं को संबोधित किया। नए स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया। स्वयंसेवक नमन, रजनीश और जतन ने विशेष सहयोग दिया।
लोहारू में निकाली जन चेतना रैली
लोहारू। जिला उपायुक्त महावीर कौशिक के आह्वान पर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने यूथ एंड इको क्लब के मिशन लाइफ के तहत जन चेतना रैली निकाली। इसके माध्यम से लोगों को पराली जलाने के दुष्प्रभाव बताए गए।
कानूनी साक्षरता क्लब के कोऑर्डिनेटर डॉ. राजीव वत्स के नेतृत्व में विद्यालय से शुरू यह रैली देवीलाल चौक, बस स्टैंड और सब्जी मंडी तक निकाली गई। जिला कोऑर्डिनेटर कमल शर्मा ने बताया कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है, जोकि मानव स्वास्थ्य और मिट्टी की उर्वरता के लिए हानिकारक है। उन्होंने पराली को मिट्टी में मिलाने के लाभ बताए। कहा कि इससे मित्र जीवों की संख्या बढ़ती है, जो मिट्टी को उपजाऊ बनाए रखने में सहायक हैं।
प्रभारी डॉ. अनिल सैनी ने कहा कि प्रदूषण के कारण हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि अब सांस लेना भी कठिन होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके प्रबंधन के लिए सरकार प्रति एकड़ एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी किसानों को प्रदान कर रही है।
फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसानों को कृषि यंत्र भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस योजना का लाभ लेकर पर्यावरण को बचाना चाहिए। इको क्लब क्लब की प्रेसिडेंट छात्रा खुशबू, सुमित और महेश ने बताया कि यदि अभी हम जागरूक नहीं हुए तो वह दिन दूर नहीं जब हर घर में प्रदूषण के कारण मरीज होंगे। उन्होंने पेड़ लगाने, जल को बचाने और वनों का संरक्षण करने पर बल दिया। इस मौके पर सुरेश कुमार, मुकेश धानिया, नीरज शर्मा, मुकेश कुमार, अनिल कटारिया, बबीता, सोमबीर शास्त्री, मुनेश कुमारी, सुनीता, सुशीला, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।