पीडब्ल्यूडी शहर के महम गेट फरसा चौक से लेकर बड़ चौक होते हुए महम रोड की श्रीगोशाला ट्रस्ट तक आरसीसी पैटर्न पर भी सड़क का निर्माण कराएगा। क्योंकि करीब दो किलोमीटर दायरे का ये हिस्सा दोनों तरफ घनी आबादी से घिरा है, जिस पर पानी के प्रभाव से सड़क टूटने का खतरा भी नहीं रहेगा।
भिवानी से महम तक करीब 17 किलोमीटर दायरे के स्टेट हाईवे की 17 मीटर चौड़ी सड़क करीब की सात साल बाद पीडब्ल्यूडी ने सुध ली है। इस सड़क पर अब स्ट्रेंथनिंग का काम कराया जाएगा। इसी के साथ शहरी दायरे व गांव चांग के मैन बस स्टैंड पर आरसीसी पैटर्न पर सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।
शहर के महम गेट भगवान परशुराम फरसा चौक से लेकर बड़ चौक होते हुए महम रोड की श्री गोशाला ट्रस्ट गेट तक सड़क आरसीसी पैटर्न पर तैयार की जाएगी। फिलहाल यहां तारकोल की सड़क बनी है। तारकोल की सड़क कई जगह से खस्ताहाल हो चुकी है, क्योंकि यहां बारिश के दौरान जलभराव भी होता है। पानी के संपर्क में तारकोल की सड़क बार-बार टूटकर बिखर रही है। इसी के साथ गांव चांग के मुख्य बस अड्डे पर भी पहले से आरसीसी पैटर्न पर सड़क बनी है, मगर ये काफी सालों से अब खस्ताहाल हो चुकी है। यहां पर भी आरसीसी पैटर्न पर नए सिरे से सड़क तैयार कराई जाएगी और पानी की निकासी की व्यवस्था भी होगी। सड़क के सर्वेक्षण के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने इस सड़क के जीर्णोद्धार कार्य के लिए करीब 30 करोड़ के मसौदे को मुख्यालय के समक्ष मंजूरी के लिए भेजा है। संवाद
2020 से चल रहा कालुवास रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का काम, मार्च तक होगा पूरा
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर 2020 से कालुवास रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। ये पुल अभी करीब करीब 75 फीसदी बन चुका है। इसके नक्शे में बदलाव किए जाने के बाद पुरानी एजेंसी से काम लेकर अब नई एजेंसी को करीब पांच करोड़ के री एस्टीमेट से काम सौंपा गया है। नई कंपनी को छह माह की अवधि में ये काम पूरा करना है। इस लिहाज से नई कंपनी को मार्च 2024 तक इस पुल पर ट्रैफिक चालू किए जाने की डेडलाइन भी दी गई है। फिलहाल भिवानी से महम तक जाने वाले भारी वाहन वाया गुजरानी होकर जा रहे हैं। जिन्हें करीब सात किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। वहीं पुल का सर्विस रोड का काम भी अधूरा पड़ा है।
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर करीब 17 किलोमीटर दायरे में स्ट्रेंथनिंग और आरसीसी पैटर्न पर सड़क निर्माण का मसौदा तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है। सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार भिवानी शहरी और चांग मैन बस स्टैंड पर आरसीसी पैटर्न पर सड़क तैयार कराई जाएगी। इस पर करीब 30 करोड़ की अनुमानित लागत भी आएगी। जैसे ही बजट मंजूरी मिलती है तो तत्काल प्रभाव से इसके टेंडर कराकर वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू कराया जाएगा।
-लोकेश कुमार, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी भिवानी।