भिवानी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के 11 लाख 41 हजार गरीब परिवारों को नॉन वुवेन फैब्रिक थैले में राशन वितरित किया जाएगा। हरियाणा सरकार ने राज्य के 10 हजार सरकारी राशन डिपो पर 18 व 19 अगस्त को अन्न उत्सव कार्यक्रम किए जाने का निर्णय लिया है।
प्रत्येक राशन डिपो पर थैलों में राशन वितरण कराने के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे। ये कार्यक्रम जिला प्रशासन की निगरानी में होंगे। पांच किलो राशन के लिए साढ़े सात किलो क्षमता व दस किलो राशन के लिए साढ़े 12 किलोग्राम क्षमता वाले विशेष थैले भी तैयार कराए जाएंगे। ये थैले गरीब परिवारों को विभाग मुफ्त में देगा। इन थैलों में एक तरफ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का फोटो सहित संदेश होगा, जबकि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री की फोटो के साथ हमारा ये संकल्प है कि हर परिवार सशक्त हो, संपन्न हो और संकट के समय में भी निश्चिंत हो का संदेश छपा होगा।
हैफेड के सभी 45 फोकल प्वाइंटों पर भी थैलों की डिलिवरी दी जाएगी। विभाग में पहले से काम कर रहे ढुलाई ठेकेदारों के माध्यम से ही थैलों को गेहूं की सप्लाई के साथ डिपो पर पहुंचाया जाएगा। ढुलाई ठेकेदार इन थैलों की रसीद भी डिपो धारक से लेंगे, जिसे जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को उपलब्ध कराना होगा।
ये मिलेंगे मुफ्त थैले
एक अगस्त से ही डिपो पर राशन उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में 18 अगस्त से पहले राशन लेने वाले पात्र गरीब परिवारों को अगले माह सितंबर में भी ये थैले उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि 18 अगस्त के बाद राशन लेने वालों को थैले उसी माह मिलेंगे। प्रदेश के 22 जिलों में पांच किलो के 1284751 थैले और दस किलो राशन के लिए 5477684 थैले मुफ्त वितरित होंगे। पांच किलो का थैला तैयार कराने में 13 रुपये व 10 किलो का थैला तैयार कराने में 16 रुपये संभावित खर्च आएगा।
लगातार दो दिन सुबह से शाम तक खुले रहेंगे सभी डिपो
अन्न उत्सव के तहत 18 व 19 अगस्त को दो दिन सुबह से शाम तक सभी डिपो खुले रखे जाएंगे। जिनमें दिनभर राशन वितरण का काम होगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी राशन वितरण के कार्य पर निगरानी भी रखेंगे। इन दो दिनों में गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त में राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
अपात्र गरीब परिवारों के भी हटाए जाएंगे सूची से नाम
प्रदेशभर में 11 लाख 41 हजार गरीब परिवारों की पहचान की जा चुकी है। इस सूची में शामिल अपात्र गरीब परिवारों की पहचान कर उनके नाम भी सूची से हटाए जाएंगे। इसके लिए मुख्यालय के आईटी सेल से उन अपात्र परिवारों का विभाग डाटाबेस हटा देगा और इस संबंध में अधिकारियों को भी जानकारी दी जाएगी। (संवाद)
18 व 19 अगस्त को मनेगा अन्न उत्सव
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने 18 व 19 अगस्त को प्रत्येक जिले में अन्न उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में थैलों के अंदर राशन वितरित किया जाएगा। थैले तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। प्रशासन की निगरानी में ही गरीबों को राशन वितरण थैलों में होगा।
- अनिल कालरा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, भिवानी।
किस जिले में कितने थैले होंगे लाभार्थियों को वितरित
जिला 5 किलो थैला 10 किलो थैला
अंबाला 66411 267970
भिवानी 63974 266610
चरखी दादरी 20242 88449
फरीदाबाद 92420 378687
फतेहाबाद 48908 203990
गुरुग्राम 38796 164227
हिसार 95549 366190
झज्जर 40201 166853
जींद 71098 301522
कैथल 58992 255518
करनाल 93578 396531
कुरुक्षेत्र 55744 234617
महेंद्रगढ़ 39913 166683
मेवात 73189 417556
पलवल 46732 220866
पंचकूला 22107 101940
पानीपत 74333 326360
रेवाड़ी 38580 161994
रोहतक 51693 195185
सिरसा 57166 224550
सोनीपत 65812 276772
यमुनानगर 69313 294614
कुल 1284751 5477684