भिवानी। अब भिवानी नगर परिषद के मुखिया की कमान महिला के हाथों में होगी। मंगलवार को शहरी निकाय एवं विकास विभाग ने नगर परिषद चेयरमैन का ड्रॉ जारी कर दिया। इसमें भिवानी नगर परिषद चेयरपर्सन महिला सामान्य वर्ग पद आरक्षित किया है।
फिलहाल नगर परिषद में चेयरमैन हैं, जबकि अगली योजना में चेयरपर्सन के लिए भिवानी के सभी 31 वार्डों से दावेदारी होगी। भिवानी नगर परिषद में चेयरमैन का पद महिला आरक्षित होने के बाद चुनावी तैयारियों में जुटे भावी उम्मीदवार भी अपनी पत्नी या पुत्रवधू को मैदान में उतारेंगे। लंबे अरसे से चेयरमैन के दावेदारी रखने वाले पुरुष उम्मीदवारों को भी झटका लगा है। नगर परिषद चेयरमैन चुनावों के समीकरण भी अभी से बनने और बिगड़ने लगे हैं।
भिवानी नगर परिषद में अब तक तीन महिलाएं चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठ चुकी हैं। नगर पालिका से नगर परिषद का दर्जा मिलने के बाद से ही महिलाओं की चेयरमैन की कुर्सी की प्रबल दावेदारी रही है। पहले की व्यवस्था में पार्षदों के बहुमत से चेयरमैन की कुर्सी पर पार्षद को बैठाया जाता था, लेकिन इस बार चेयरमैन का चुनाव सीधा होगा। इसी को लेकर शहरी निकास एवं विकास विभाग ने चेयरमैन का ड्रॉ जारी कर दिया है। हालांकि भिवानी नगर परिषद के 31 वार्डों में 13 महिला पार्षद हैं। ज्यादातर महिला पार्षद तो पहले से चुने पार्षदों के परिवार से ही हैं। जिसकी वजह से उनका नगर परिषद की राजनीति में काफी दबदबा माना जाता है।
रोचक होगा चेयरपर्सन का चुनाव
भिवानी नगर परिषद की कुर्सी पर चेयरपर्सन इस बार काफी रोचक होगा। इसमें कई ऐसे चेहरे भी सामने आए हैं, जो पहली बार अपना भाग्य आजमाएंगे, जबकि दलगत राजनीति से जुड़ी कई महिलाओं के बड़े नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें पार्टी की तरफ से चेयरपर्सन की दावेदारी के लिए नामित किया जा सकता है। भिवानी की राजनीति में काफी महिलाएं सक्रियता से काम कर रही हैं, उनकी लालसा भी चेयरपर्सन की कुर्सी को लेकर प्रबल हो गई है।
वार्डबंदी के सर्वे में लगेंगे दो माह, सात माह बाद हैं नप चुनाव
भिवानी नगर परिषद के सभी 31 वार्डों में नई वार्डबंदी को लेकर सर्वे चल रहा है। इस कार्य में अभी दो माह का समय लगेगा, जबकि भिवानी नगर परिषद के चुनाव सात महीने बाद होने हैं। ऐसे में वार्डबंदी के साथ पार्षदों के वार्डों में भी फेरबदल की संभावना है। इसको लेकर पहले से ही कई दिग्गत पार्षद नजर बनाए हुए हैं, लेकिन अब महिला आरक्षित सीट की घोषणा के बाद चेयरमैन की दावेदारी वाले वार्डों में भी महिला पार्षदों की सक्रियता और भी बढ़ गई है।
अब तक ये बने हैं नगर परिषद में चेयरमैन और चेयरपर्सन
नाम कार्यकाल
प्रताश कौर 16 अक्तूबर से 30 नवंबर 2002
मंजू रानी 02 दिसंबर 2002 से 28 अगस्त 2005
नंदलाल चावला 16 जनवरी 2006 से 23 जून 2008
सुदामा सिंह कार्यवाहक 24 जून 2008 से 18 अगस्त 2008
सेवा देवी 19 अगस्त 2008 से 27 अगस्त 2010
विजय पंचगांवा 27 जून 2011 से 23 जुलाई 2012
मामनचंद कार्यवाहक 26 जुलाई 2012 से 3 अप्रैल 2013
विजय पंचगांवा 4 अप्रैल 2013 से 24 मार्च 2014
मामनचंद कार्यवाहक 25 मार्च 2014 से 23 नवंबर 2014
भवानी प्रताप 24 नवंबर 2014 से 5 जनवरी 2016
रणसिंह यादव 15 अप्रैल 2017 से अब तक
ये हैं शहर के 31 वार्डों से महिला एवं पुरुष पार्षद
नगर परिषद के वार्ड नंबर एक से विजय कुमार, वार्ड दो में मुकेश कुमार, वार्ड तीन से सुशीला देवी, वार्ड चार से रणसिंह यादव, वार्ड पांच से ईश्वर मान, वार्ड छह से मीनू देवी, वार्ड सात से मुनिया तंवर, आठ से हर्षदीप, नौ से मंजू, दस से रेखा, 11 से कविता यादव, 12 से पूजा यादव, 13 से प्रवीन कुमार, 14 से दलबीर, 15 से कविता, 16 से ललित, 17 से ज्योति, 18 से सचिन, 19 से किरणबाला, 20 से सुशीला देवी, 21 से हरिराम, 22 से ज्योति, 23 से राजकुमार, 24 से गोविंदराम, 25 से नरेंद्र सर्राफ, 26 से मामनचंद प्रजापति, 27 से आशा रानी, 28 से आकाश, 29 से विजय कुमार, 30 से संदीप भारद्वाज व 31 से बलवान सिंह पार्षद हैं।
वार्डबंदी का काम चल रहा है
इस बार नगर परिषद में चेयरमैन का पद महिला सामान्य श्रेणी के लिए आरक्षित हुआ है। फिलहाल शहरी वार्डों की वार्डबंदी का काम चल रहा है। आगामी सात माह बाद नगर परिषद के चुनाव कराए जाएंगे।
-संजय यादव, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद भिवानी।