बवानीखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर छापेमारी के दौरान कार्रवाई करती सीएम फ्लाइंग टीम। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बवानीखेड़ा (भिवानी)। पानी की टंकियों में खुले में ज्वलनशील पदार्थ रखकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ बवानीखेड़ा पुलिस थाने में नामजद केस दर्ज हुआ है। शनिवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छापामार कर कार्रवाई की थी। टीम को पानी की टंकियों में 2120 लीटर पेट्रोल खुले में रखा मिला था।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एएफएसओ मुकेश कुमार की शिकायत पर बवानीखेड़ा में चांगियां फिलिंग स्टेशन के मालिक जीत प्रकाश खुराना के खिलाफ बवानीखेड़ा पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। एएफएसओ मुकेश कुमार ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के राजबीर सिंह ने गुप्त सूचना पर पेट्रोल पंप पर छापा मारा था। इस दौरान पानी की टंकियों में खुले में पेट्रोल रखा मिला। जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एएफएसओ मुकेश कुमार, मापतोल विभाग के नवनीत के अलावा पेट्रोलियम कंपनी के सेल्स आफिसर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान पाया कि पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों की मिलीभगत से पेट्रोल पंप पर अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में भूमिगत टैंक भरने के बाद पानी की कुछ टंकियों में खुले में पेट्रोल रखा गया था। कंपनी के सेल्स अफसर हिम्मत सिंह ने जांच के दौरान भूमिगत टैंक में 1100 लीटर, छोटी प्लास्टिक टंकी में 500 लीटर, लोहे के ड्रम में 220 लीटर व प्लास्टिक ड्रम में 200 लीटर सहित एक अन्य प्लास्टिक ड्रम में 100 लीटर पेट्रोल पाया गया। पेट्रोल पंप के दस्तावेजों की जांच से पता चला कि यह पंप फतेहाबाद टोहाना निवासी इंदुबाला के नाम पर था, लेकिन 2007 से ये पंप बवानीखेड़ा के वार्ड 11 निवासी जीतप्रकाश खुराना चला रहे हैं। पंप संचालक ने अधिक पैसा कमाने के लालच में आकर ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल का खुले में संग्रहण कर लोगों के जीवन को संकट में डालने का अपराध किया है। इस संबंध में एएफएसओ मुकेश कुमार ने मामले की लिखित शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस को दी।
बवानीखेड़ा पुलिस थाना एसएचओ संदीप कुमार ने बताया कि सीएम फ्लाइंग की संयुक्त छापामारी के बाद एएफएसओ मुकेश कुमार की शिकायत पर चांगिया फिलिंग स्टेशन के संचालक जीतप्रकाश खुराना के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। -