भिवानी। तोशाम बाईपास मंडी टाउनशिप गली नंबर दो निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन निक्कर मंगवाना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने बातों में उलझाकर बैंक खाता से 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस में दी है। पुलिस ने इस संबंध में ऑनलाइन धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में तोशाम बाईपास मंडी टाउनशिप निवासी साधुराम पांचाल ने बताया कि उसने एक सोशल साइट से ऑनलाइन निक्कर मंगवाई थी। चार जून को ऑनलाइन भुगतान के बाद भी निक्कर नहीं आई। ऐसे में उसने सर्च इंजन से कस्टमर केयर का नंबर निकाला और उस पर फोन किया। आरोप है उन्होंने पहले उसे लोकेशन दिखाने के नाम पर क्यूआर कोड मांगा और कहां कि इसमें मांगे तीन रुपये भेजने को कहा। इस पर उसने भीम एप से ऑनलाइन तीन रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 6 बार में 69,383 रुपये की निकल गए। पुलिस ने शिकायत मिलने पर इस संबंध में ऑनलाइन धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।