भिवानी। नगर परिषद अब पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने लगातार एक सप्ताह तक अतिक्रमण हटाने के लिए एक कमेटी का गठन किया है। जिसकी कमान नगर परिषद के जेई के हाथों में होगी और कमेटी में दो सफाई निरीक्षक भी शामिल होंगे। छह चरणों में चलने वाले इस अभियान में दस ट्रैक्टर और दो जेसीबी मशीन का भी इंतजाम किया गया है। प्रत्येक चरण में शहर के अलग अलग बाजार को शामिल किया जाएगा। जिसकी शुरूआत 15 दिसंबर से की जाएगी।
भिवानी नगर परिषद ने जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर के बाजारों व मुख्य मार्गों की फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए एक स्पेशल कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में नगर परिषद तकनीकी विंग के जेई अर्जुन नाथ को कमान सौंपी गई है। उनके साथ सफाई निरीक्षक संजय कुमार व सफाई निरीक्षक विकास देशवाल को भी लगाया गया है। इसके अलावा टीम में आठ से दस सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे। अतिक्रमाण हटाओ अमले में दस ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो जेसीबी मशीन का भी प्रबंध किया गया है।
फुटपाथ पर रखा सामान होगा जब्त
अतिक्रमण हटाने के लिए गठित की गई टीम में शामिल सफाई कर्मचारी फुटपाथ पर निर्धारित दायरे से बाहर रखे हुए सामान को जब्त करेंगे। सभी दुकानदारों को अपने निर्धारित दायरे में ही सामान रखने की अनुमति है। अगर निरीक्षण के दौरान निर्धारित दायरे से बाहर दुकानदारों का सामान मिलता है तो उसे तुरंत जब्त किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के साथ भी अब तक नगर परिषद संयुक्त रूप से अतिक्रमण अभियान चलाती रही है, मगर नप का ये स्पेशल अतिक्रमण हटाने का साप्ताहिक अभियान होगा।
शहर के ये बाजार होंगे अतिक्रमण मुक्त
नगर परिषद द्वारा प्रथम चरण में अतिक्रमण हटाओ अभियान रोहतक गेट से घंटाघर तक के सरकुलर रोड को शामिल किया जाएगा। मुख्य सरकुलर सड़क के दोनों ओर फुटपाथ को खाली कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण का अभियान घंटाघर से दिनोद गेट तक चलेगा। इसी तरह तीसरे चरण में दिनोद गेट से दादरी गेट क्षेत्र तक यह अभियान चलाया जाएगा। चौथे चरण में दादरी गेट से रोहतक गेट तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। पांचवें चरण में रोहतक गेट से नया बाजार सराय चौपटा तक अतिक्रमण हटेगा। छठे चरण में घंटाघर से होते हुए सराय चौपटा, बिचला बाजार, जैन चौक से दादरी गेट के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इन सभी चरणों में चलने वाले अभियान में रास्ते में आने वाली फुटपाथ को पूरी तरह से खाली करा दिया जाएगा।
वर्षों से फुटपाथ पर रखे जेनरेटर भी हटेंगे
कई सालों से फुटपाथ पर रखे जेनरेटर भी अतिक्रमण हटाने के दौरान हटवाए जाएंगे। अधिकतर सरकुलर रोड व मुख्य बाजारों की फुटपाथ पर निजी अस्पतालों व निजी संस्थानों के बड़े जेनरेटर सेट फुटपाथ पर ही रखे हुए हैं। इन्हें हटाने का अल्टीमेटम भी दिया जा चुका है। अगर अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते के पहुंचने से पहले ये खुद ही नहीं हटाए गए तो नप इन्हें जेसीबी से हटवाएगी।
15 से शुरू होगा अभियान
भिवानी नगर परिषद ने उपायुक्त व अतिरिक्त उपायुक्त के निर्देश पर शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए स्पेशल कमेटी का गठन किया है। ये कमेटी विभिन्न चरणों में अलग-अलग बाजारों में जाकर अतिक्रमण हटवाएगी। यह अभियान लगातार एक सप्ताह तक चलेगा। जिसकी शुरूआत 15 दिसंबर से की जाएगी।
-रणसिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद भिवानी।