भिवानी। शहरी दायरे के अंदर कॉमर्शियल प्रॉपर्टी की आईडी न बनने और नक्शा पास न होने पर शुक्रवार को नगर परिषद की सदन की बैठक में पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। शहर की सरकार नप अधिकारियों के रवैये पर भी बिफर गई और विधायक की मौजूदगी में ही पार्षदों ने अधिकारियों पर आरोप लगाए। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। विधायक की मौजूदगी में ही पूर्व चेयरमैन व पार्षदों ने नप अधिकारियों को फटकार लगाई। सरकुलर व मुख्य मार्गों पर ऑनरोड की प्रॉपर्टी पर संबंधित विभागों से एनओसी की शर्त पर भी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया।
शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में भिवानी की छोटी सरकार की सदन की बैठक हुई। बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ, चेयरमैन रणसिंह यादव, उप प्रधान मामनचंद सहित पूर्व प्रधान विजय पंचगावा, भवानी प्रताप सभी पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में ही पार्षदों ने शहरी दायरे की प्रॉपर्टी मेें पीआईडी न बनने पर हंगामा शुरू कर दिया। नप पार्षदों ने अधिकारियों पर जानबूझकर पीआईडी का काम बंद करने और नप को आर्थिक नुकसान में धकेलने के आरोप लगाए। इस पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने पार्षदों को शांत कराते हुए उसी समय जिला नगर आयुक्त एवं एडीसी के पास फोन मिलाकर उनसे बात की और पीआईडी पर मौखिक रूप से लगी रोक हटाने की बात कही। इस पर एडीसी ने शहरी दायरे के लाल डोरे में अधिकृत दायरे की प्रॉपर्टी में पीआईडी बनाने का काम शुरू किए जाने की बात कही। इस पर विधायक ने बैठक में मौजूद नप के कार्यकारी अधिकारी संजय यादव की भी एडीसी से अपने ही फोन से सीधी बात भी कराई। इसके बाद अधिकारी ने अधिकृत दायरे में पीआईडी बनाए जाने का ऐलान कर दिया।
इसी तरह बैठक में उपाध्यक्ष मामनचंद व पार्षद हर्षदीप डूडेजा सहित अन्य पार्षदों ने सरकुलर रोड व शहर के मुख्य मार्गों पर ऑनरोड की प्रॉपर्टी में बीएंडआर व संबंधित नेशनल हाईवे ऑथोरिटी से एनओसी की शर्त का भी जमकर विरोध किया। मगर बैठक में मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट कह दिया कि संबंधित विभागों की एनओसी लेनी ही पड़ेगी। मामनचंद ने यह भी तर्क दिया कि जिस प्रॉपर्टी में नप अधिकारियों को यह लगे कि इसमें सरकारी संपत्ति पर कोई अनाधिकृत कब्जा नहीं है तो बिना एनओसी नक्शे पास किए जाए। मगर अधिकारी अपनी बात पर अड़े रहे।
बैठक के बीच जमीन पर बैठ गया इस्तीफा देने वाला पार्षद, मनाने में जुटे पूर्व चेयरमैन
सदन की बैठक में पीआईडी व नक्शे को लेकर हंगामा चल रहा था इसी बीच अपने वार्ड में विकास कार्य न होने से नाराज पार्षद हरिराम बैठक के बीच ही जमीन पर बैठ विरोध जताने लगे। उन्हें जमीन से उठाकर कुर्सी पर बैठाने के लिए उपाध्यक्ष मामनचंद व पूर्व चेयरमैन भवानी प्रताप भी उन्हें मनाने लगे। वहां मौजूद विधायक ने भी पार्षद हरिराम की वार्ड में विकास कार्य न होने से नाराजगी को जायज ठहराया और चेयरमैन से उनका इस्तीफा वापस लेने की बात कही। पार्षद हरिराम को विधायक ने आश्वासन दिया कि 20 दिन में उनके वार्ड के सभी लंबित कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
सेक्टर की मुख्य सड़क निर्माण के चार माह बाद टूटी, अब सिक्योरिटी होगी जब्त
बैठक में पूर्व चेयरमैन विजय पंचगांवा ने सेक्टर 13 की मुख्य सड़क निर्माण के चार माह बाद ही टूटे जाने पर नाराजगी जताई। जिस पर ठेकेदार को भी झाड़ पिलाई गई वहीं नगर अभियंता सुरेंद्र सांगवान ने ठेकेदार की सिक्योरिटी राशि जब्त करने और जब्त की गई राशि से फिर से कार्य के टेंडर कर टूटी सड़क को दुरुस्त कराए जाने की बात कही। इस सड़क के रखरखाव तीन साल तक ठेकेदार को ही करना था। पार्षदों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने व जांच कराए जाने की भी मांग उठाई।
नप के पास आया 32 करोड़ 16 लाख का बजट, तीन करोड़ स्टांप से भी मिले
नगर परिषद के पास 2021-22 के लिए 32 करोड़ 16 लाख रुपये का बजट मिला है। इसके अलावा तीन करोड़ स्टांप ड्यूटी से भी नप के खाते में आए हैं। इस बजट में 24 करोड़ का बजट साल भर कर्मचारियों व अधिकारियों के वेतन पर खर्च होगा। करीब एक करोड़ का बजट लाइट मेंटेनेंस पर खर्च किया जाएगा। एक करोड़ का बजट पार्कों के रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। इसके अलावा करीब 15 करोड़ अन्य मद में इस्तेमाल होंगे। स्टॉप ड्यूटी से मिले तीन करोड़ के बजट से शहर का विकास होगा।
पार्षदों ने रखे 120 एजेंड़े, 20 दिन में पारित करने का आश्वासन
शहर के सभी 31 वार्डों से पार्षदों ने करीब 120 एजेंडे नप की बैठक में रखे। जिस पर अधिकारियों की मौजूदगी में इन एजेंड़ों पर प्रस्ताव पारित कर आगामी 20 दिनों में सिरे चढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
ये रहे बैठक में मौजूद
पार्षद मुकेश रहेजा, सुशीला देवी पूनिया, ईश्वर मान, हर्षदीप डूडेजा, प्रवीन मास्टर, दलबीर छोटू, कविता सैनी, ललित सैनी, किरणबाला, सुशीला देवी, ज्योति कामरा, राजकुमार, गोविंदराम शर्मा बिल्लू बादशाह, नरेंद्र सर्राफ, विजय तंवर, सचिन यादव, संदीप भारद्वाज, आकाश मस्ता, बलवान सिंह सहित अनेक पार्षद मौजूद रहे।
नगर परिषद की बैठक के दौरान अधिकारियों को खरीखोटी सुनाते पूर्व चेयरमैन विजय पंचगांवा। संवाद- फोटो : Bhiwani