बवानीखेड़ा। कस्बा स्थित अनाजमंडी खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मुस्कान और लंबी कूद में महक ने प्रथम स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन मेरा युवा भारत केंद्र खेल मंत्रालय और प्रतिज्ञा सेवा समिति युवा मंडल के संयुक्त सहयोग से किया गया।
महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मुस्कान ने पहला, महक ने दूसरा और रश्मि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला लंबी कूद स्पर्धा में महक प्रथम, रश्मि द्वितीय और आरती तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का आयोजन जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव तथा लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक जितेंद्र सैनी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका वाइस चेयरमैन बजरंग तंवर और मार्केट कमेटी के चेयरमैन सेक्रेटरी सुखबीर भाकर रहे। चेयरमैन सुंदर अत्री ने कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि इससे प्रेम और सद्भावना की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेलों से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और आत्मबल में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिज्ञा सेवा समिति के अध्यक्ष संजय वर्मा ने की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत किया। मेरा युवा भारत केंद्र के ब्लॉक कोर्डिनेटर मोहित कालूवास और कार्यक्रम में सहयोग कर रहे प्रतिज्ञा सेवा समिति के अध्यक्ष संजय ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सुखवीर थ्योरी, ओमपाल वर्मा, संदीप पहलवान, विक्रम कोच और संजीव जाखड़ मौजूद रहे।