भिवानी। मिट्टी के बर्तन बनाना मात्र एक कला ही नहीं है, बल्कि प्रजापति समाज की कलात्मक सोच, उसकी कुशलता और कौशल का प्रतीक है। फतेहाबाद के बनवाली और हिसार के राखीगढ़ी गांवों में खोदाई के दौरान सिंधु घाटी सभ्यता के समय की मिट्टी की मूर्तियां और बर्तन मिले हैं। इससे हमारी प्राचीनता का पता चलता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को भीम स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही।
भीम स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराजा दक्ष प्रजापति को नमन करते हुए कहा कि वे एक महान राजा, दूरदृष्टा, कुशल प्रशासक और सृष्टि के विस्तारक थे। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रजापति समाज मेहनतकश समाज है। इनके खून में दक्षता है। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. बंसीलाल और पूर्व मंत्री चौ. सुरेंद्र सिंह ने टपक सिंचाई पद्धति को प्रोत्साहित कर इस क्षेत्र को हरा-भरा किया है।
इस दौरान आईजी वाई पूर्ण सिंह, डीसी साहिल गुप्ता, एसपी मनबीर सिंह, एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, जिला परिषद के सीईओ अजय चोपड़ा, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
भिवानी विधानसभा क्षेत्र में 21 करोड़ रुपये राशि के विकास कार्यों की घोषणा की
सीएम ने गांव हालुवास माजरा, धिराणा माजरा और देवसर के उप स्वास्थ्य केंद्रों के नवीनीकरण के लिए 1.66 करोड़ रुपये, भिवानी नई अनाज मंडी में अतिरिक्त दो कवर शेड के लिए 3.50 करोड़, भिवानी नई अनाज मंडी में नई सड़क के लिए 4.50 करोड़, नई अनाज मंडी की चहारदीवारी के लिए 80 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सीएम ने अनाज मंडी के पास मार्केट बोर्ड के गोदामों को ऊंचा उठाने के लिए 3.50 करोड़, नंदगांव के राजगढ़ माइनर से बाबा वाला जोहड़ तक पाइपलाइन के लिए 49.33 लाख, नदंगाव में दोनों जोहड़ाें की रिटेनिंग वॉल निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए छह करोड़ रुपये, छह सार्वजनिक स्थल दुर्बलनाथ खटीक धर्मशाला, धानक धर्मशाला, कबीर धर्मशाला, सनातन धर्मशाला, वीरवान पाना धर्मशाला और भाटाभगड़ी धर्मशाला में हॉल समेत विभिन्न कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
सरकार बनाने में पिछड़ी जातियों की अहम भूमिका : मोहन लाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने में पिछड़ी जातियों का अहम योगदान है। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि सरकारी तौर पर संत-महात्माओं और महापुरुषों की जयंती मनाकर प्रदेश सरकार प्राचीन संस्कृति का संरक्षण कर रही है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि महाराज दक्ष धर्म, मर्यादा के प्रतीक थे।
सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रजापति महाराजा दक्ष की तकनीक आज के इंजीनियरों से भी आगे थी। इस दौरान नलवा के विधायक रणधीर पणिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, युवा आयोग के पूर्व चेयरमैन मुकेश गौड़, बवानीखेड़ा के नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री, पूर्व चेयरमैन मामनचंद, शंकर धूपड़ आदि मौजूद रहे।
समारोह में भीड़ जुटने से बने जाम के हालात
भीड़ के कारण शहर में पूरे दिन जाम जैसे हालात रहे। पार्किंग स्थल से रैली स्थल तक लोगों को पैदल पहुंचना पड़ा। पार्किंग स्थल से समारोह स्थल तक लोग पैदल गए। शहर के सेक्टर मोड़, भीम स्टेडियम चौक, चिड़ियाघर रोड पर पुलिस ने नाके लगाकर वाहनों को समारोह स्थल की तरफ प्रवेश रोका गया। इस कारण लोग पांच मिनट के सफर को 20 मिनट में पूरा कर पाए।