भिवानी। वस्त्र एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी संस्थान (टीआईटीएस) ने जापान के प्रतिष्ठित आईओएन टेक्नोलॉजी सेंटर के साथ ऐतिहासिक समझौता किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को जापान में तीन से छह महीने तक का औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षु सेमीकंडक्टर, वीएलएसआई, चिप डिजाइनिंग और एंबेडेड सिस्टम्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों को जापान और भारत दोनों देशों में रोजगार प्राप्त करने में सहायता भी प्रदान की जाएगी। इस साझेदारी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय रोजगार के मार्ग मिलेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. बीके बेहरा ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है। हर वर्ष करीब दो लाख नई नौकरियां उत्पन्न होंगी। भारत सरकार भी सेमीकंडक्टर मिशन के तहत इस क्षेत्र में भारी निवेश कर रही है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ ही जापान की कार्य संस्कृति, अनुसंधान प्रक्रिया, अनुशासन और व्यावसायिक दृष्टिकोण को भी समझने का अवसर प्रदान करेगा। इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, सोच में वैश्विक दृष्टिकोण आएगा और वे अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक वातावरण में सहजता से कार्य कर सकेंगे।