नई अनाज मंडी भिवानी में बारिश के बाद बाजरा ढेरी के पास हुआ जलभराव।
भिवानी। बूंदाबांदी ने जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण मंडियों में फसल खरीद के इंतजामों की हकीकत सामने ला दी। वीरवार सुबह बूंदाबांदी से नई अनाज मंडी में खुले में पड़ी बाजरे की ढेरियां भीग गईं। ढेरियों के आसपास पानी जमा हो गया जिससे बाजरे में नमी बढ़ने की आशंका है और किसानों को बिक्री से पहले फसल सुखानी पड़ेगी।
नई अनाज मंडी में अब तक 1,14,420 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है जबकि 62,620 क्विंटल की खरीद हुई है। मंडी में प्रतिदिन आठ से दस क्विंटल बाजरे की उठान हो रही है। किसानों को निजी खरीद में 2300 से 2450 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिल रहा है जबकि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य 2900 रुपये निर्धारित किया है।
भावांतर भरपाई के तहत किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाने हैं लेकिन मिसमैच डाटा के सत्यापन के बाद भी किसान भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। करीब 55 हजार क्विंटल बाजरा खुले में पड़ा है जो हल्की बारिश की चपेट में आया। डीसी साहिल गुप्ता वीरवार को नई अनाज मंडी पहुंचे।
उन्होंने हल्की बारिश के बीच बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और मंडी एसोसिएशन के प्रधान नरेश भूरू से खरीद प्रक्रिया की जानकारी लेकर समस्याओं के बारे में पूछा। प्रधान ने उन्हें बताया कि बाजरे की खरीद सुचारू रूप से चल रही है। बारिश की आशंका को देखते हुए डीसी ने बाजरे को तिरपाल से ढकने के निर्देश दिए। साथ ही मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार भी मौजूद रहे।