भिवानी। जूई और मित्ताथल फीडर में पानी बंद हो गया है। अब निगाना फीडर में 23 जून तक नहरी पानी मिलेगा। इतना ही नहीं शहर में लोहड़, हालु जोन और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति हो गई है लेकिन अब भी आधा शहर राशनिंग झेल रहा है।
डाबर कॉलोनी के टैंक भर चुके हैं जबकि पुराना जलघर और निनान जलघर के टैंकों में अभी संतोषजनक भंडारण नहीं हुआ है। पानी के टैंकर और कैंपरों के सहारे भी शहरवासियों की प्यास नहीं बूझ रही है। ऊपर से गंदे पानी की आपूर्ति ने कई कॉलोनियों के अंदर लोगों की सेहत भी बिगाड़ दी है।
सिंचाई विभाग के शेड्यूल के हिसाब से जूई और मित्ताथल फीडर में पानी बंद हो गया है। निगाना फीडर में पानी मिल रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने नहर में पानी आने के बाद लोहड़, हालु जोन में नियमित पेयजल आपूर्ति देना शुरू कर दिया है। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड, जगत कॉलोनी और विजय नगर क्षेत्र में भी रोजाना आपूर्ति दी जा रही है।
इसके अलावा निनान जलघर और महम रोड पुराने जलघर से जुड़े करीब आधे शहर में अब भी एक दिन छोड़ एक दिन पानी की राशनिंग चल रही है। इन दोनों ही जलघरों से जुड़े पुराने शहर और कुछ बाहरी कॉलोनियों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इसकी वजह से लोगों का सब्र भी जवाब दे रहा है।
पुराना जलघर में फिलहाल टैंकों के अंदर करीब 20 फीसदी पानी का भंडारण हुआ है। जबकि निनान जलघर के टैंक भी अभी नहीं भरे हैं। डाबर कॉलोनी के जलघर टैंक भर चुके हैं, उस इलाके में पानी की नियमित आपूर्ति दी जा रही है।
- ताजदीन, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा।
जूई और मित्ताथल फीडर बंद हैं। जबकि शेड्यूल के हिसाब से अब निगाना फीडर में पानी मिल रहा है। हमारा प्रयास रहा है कि अधिकांश शहरी और ग्रामीण दायरे के जलघर टैंकों तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचे। नहरी पानी मुहैया कराने में पेयजल जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है।
- जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता, भिवानी वाटर सर्विसेज भिवानी सिंचाई विभाग।