भिवानी। भिवानी बस स्टैंड से गुरुग्राम की बस में बैठकर शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे एक दंपती के बैग से सोने के आभूषण चोरी हो गए। इस संदर्भ में औद्योगिक थाना पुलिस ने पीड़ित दंपती की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कीर्ति नगर निवासी पुष्करदत्त शर्मा ने बताया कि वह सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपनी पत्नी बिमला देवी के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुरुग्राम जाने के लिए भिवानी बस स्टैंड पर पहुंचा था। यहां से वे दोनों टिकट लेकर गुरुग्राम की बस में बैठ गए। बस चलने से पहले उन्होंने अपना बैग चेक किया तो उसमें से चार सोने के कंगन व एक सोने का हार गायब मिला। इस बारे में उन्होंने बस कंडक्टर व स्टैंड इंचार्ज को अवगत करवाया और बस में भी चेक किया। लेकिन उनके सोने के आभूषण कहीं नहीं मिले। इसकी सूचना उन्होंने औद्योगिक थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लगा। इस संदर्भ में पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पुष्करदत्त शर्मा की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।