भिवानी। टिटानी गांव में चोरों ने रविवार रात खूब आतंक मचाया। चोर दो घरों से करीब 14 लाख के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। तीन अन्य मकानों को भी निशाना बनाया। इनमें सामान चोरी हुआ है या नहीं अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक घर में चोरों ने महिला पर हमला किया और उसकी बालियां छीन ली। एक अन्य मकान में शोर मचाने पर युवक पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुुुटी है। एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर तथ्य जुटाए।
मामला रविवार रात का है। टिटानी गांव में चोर एक के बाद एक पांच घरों में घुसे। दो घरों में परिवार के सदस्य छत पर सोए हुए थे। इन दोनों घरों से चोर करीब 14 लाख की नकदी और आभूूषण चोरी कर ले गए। फौजी विजय के घर से चोर एक लाख की नकदी व करीब नौ लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। वहीं, बिजली निगम के एसए के घर से चोर करीब चार लाख के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। चोर सीआईएसएफ सचिन के घर घुसे, जहां उसकी पत्नी पूजा अपनी दो बेटियों के साथ सो रही थी। पूजा के उठने पर चोरों ने हमला किया। कानों की बालियां उखाड़ लीं, जिससे पूजा बेसुध हो गई। बाद में परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। अभी भी पूजा को पूरी तरह से होश नहीं आया है। इस घर में भी सारा सामान बिखरा हुआ है। पूजा के होश में आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि क्या चोरी हुआ है। चोर ग्रामीण संदीप के घर भी घुसे। संदीप के उठने पर पिस्तौल तान शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। चोरों ने एसआई कर्ण सिंह के मकान को भी निशाना बनाया। कर्ण सिंह की पत्नी को एक कमरे में बंद कर चोरों ने पूरा घर खंगाला। चोरी का पता पुलिस को सुबह लगा, जिसके बाद एफएसएल टीम को बुलाया गया। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एसएचओ जुई थाना श्रीभगवान यादव ने बताया कि शिकायतों के आधार पर जांच कर रहे हैं। चोरी के दो केस दर्ज कर लिए गए हैं।