प्री क्वार्टर फाइनल बाउट जीतने के बाद अपने चाचा संदीप लंबोरिया के साथ बॉक्सर जैसमिन।
भिवानी। चीन के हांगझाेऊ में चले रहे एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में वीरवार को हरियाणा के भिवानी निवासी बॉक्सर जैसमिन लंबोरिया ने शानदार शुरुआत करते हुए सऊदी अरब की बॉक्सर हैदिल गजवान को 5-0 से एक तरफ हराकर क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है।
भिवानी में जैसमिन लंबोरिया की जीत पर परिजनों सहित खेल प्रेमियों ने खुशी मनाई। इस दौरान जैसमिन लंबोरिया के कोच व चाचा संदीप लंबोरिया ने बताया कि जैसमिन का पहला मुकाबला रोचक रहा है उसने शुरुआत में ही अपनी प्रतिद्वंद्वी सऊदी अरब की बाॅक्सर हैदिल गजवान पर भारी रही। इसी के चलते दूसरे राउंड में रेफरी ने बाउट बीच में रोक कर जैसमिन को विजयी घोषित करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि जैसमिन का क्वार्टर फाइनल मुकाबला एक अक्तूबर को उत्तरी कोरिया की बॉक्सर योंग के साथ होगा। उन्होंने बताया कि क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने के बाद जैसमिन का मेडल के साथ ओलंपिक का टिकट भी पक्का हो जाएगा। जैसमिन की जीत पर भिवानी स्थित उनके घर पर भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जैसमिन के पिता जयबीर व माता जोगेंद्र, चाची मंजू, भाई जयंत और कोच प्रविंद्र ने दावा किया कि जैसमिन एशियन खेलों में देश के लिए सोना लेकर ही लौटेगी और देश का नाम स्वर्णिम अक्षरों में रोशन करेगी।