कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस ने मास्क भी बांटे।
- फोटो : Bhiwani21
भिवानी। कोरोना महामारी ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते प्रभाव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने बिना मास्क बाहर घुमने वाले 85 लोगों के चालान काटे हैं। वहीं एक माह तक पुलिस विशेष सुरखा अभियान भी चला रही है, जिसमें लोगों को मुंह पर मास्क लगाने व सामुदायिक दूरी बनाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस की विभिन्न टीमें हर चौक-चौराहे व सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को कोरोना महामारी जागरूकता अभियान के तहत मुंह पर मास्क लगाने और सामुदायिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने सोमवार को भी अभियान चलाया। पुलिस की विभिन्न टीमों ने इस दौरान 85 लोगों के बिना मास्क घूमने पर चालान भी काटे और उनसे 42500 रुपये का जुर्माना भी वसूला। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने सभी सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से मुंह पर मास्क लगाने का अनुरोध किया है। वहीं पुलिस की सभी टीमों को जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को मास्क लगाने के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वालों के चालान भी किए जाएंगे।