बवानीखेड़ा। बोर्ड परीक्षाओं का नकल रहित संचालन करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ पंचायतों ने भी कमर कसनी शुरू कर दी। नकल रहित बोर्ड परीक्षाओं का संचालन करने के लिए पहला कदम बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बलियाली का पंचायत ने योजना बनानी शुरू कर दी है। इसके लिए सरपंच सचिन सरदाना ने पंचों व गांव के मौजिज व्यक्तियों से संपर्क कर उनके गांव में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में बाहरी तत्वों को घुसने से रोकने के लिए योजना बनानी शुरू कर दी है।
सरपंच सचिन ने बताया कि फरवरी माह से 10वीं व 12वीं की बोर्ड की परीक्षा शुरू होनी है। इसके चलते उनके गांव में बोर्ड की ओर से हर वर्ष परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। जहां पर सामान्यत असामाजिक तत्वों की ओर से विद्यार्थियों को नकल कराए जाने के मामले सामने आते रहते थे। लेकिन पिछले कई सालों से गांव के मौजिज व्यक्ति, पंचायत सदस्य यहां तक की महिलाएं भी इस कार्य में उनकी मदद करती हैं।
इस बार भी नकल रोकने को लेकर गांव में पंचों व गांव के मौजिज व्यक्तियों की शीघ्र बैठक बुलाई जाएगी। ताकि उनके गांव में बने परीक्षा केंद्रों में बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के परीक्षा संपन्न हो सके। वहीं नकल रुकवाने के लिए पुलिस व प्रशासन की हर संभव मदद भी करते हैं। उनके गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 10वीं व 12वीं की परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। इसमें आसपास के कई गांव से बच्चे परीक्षा देने आते हैं।
गांव में बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण, पंचायत सदस्य भी पुलिस के साथ ही नकल रोकने की जिम्मेदारी निभाएंगे। परीक्षा के समय किसी भी बाहरी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इससे पहले भी गांव की पंचायत की ओर से गांव में नकल रहित परीक्षाओं का संचालन करवाया जा चुका है।
- सचिन सरदाना, सरपंच, गांव बलियाली।
हमें अपने बच्चों को परीक्षाओं में नकल करने से दूर रखना चाहिए। ताकि वे अपनी मेहनत की बल पर परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर सके। बच्चों को बिना किसी भी प्रकार का डर से परीक्षा देनी चाहिए। परीक्षाओं में नकल नहीं करनी चाहिए।
- करण सिंह रेड्डू, पंच।
हमारा फर्ज बनता है कि हम अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा व अच्छे संस्कार देकर उनका पालन पोषण करें। आज का युग विज्ञान का युग है। परीक्षा के समय बच्चों को नकल से दूर रहकर केवल अपनी परीक्षा पर ध्यान रखना चाहिए। इससे वे परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर सकें। परीक्षाओं में नकल कुरीतियों को जड़ से मिटाने का समय आ गया है।
- सुनील शर्मा, पंच।
नकल रोकने के लिए गांव बलियाली ने अच्छी पहल की है। हमारा भी यही प्रयास रहेगा की परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का कोई बाहरी हस्तक्षेप न हो। परीक्षाओं का संचालन शांतिपूर्वक तरीके से करवाया जाएगा।
- सतीश कुमार, थाना प्रभारी बवानीखेड़ा।