फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बाद रजिस्ट्री मामले में मौके पर पहुंचकर जिला राजस्व अधिकारी ने की जांच

Wed, 15 Jan 2025 11:34 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
नया बाजार में भूमि विवाद मामले में मौके का  निरीक्षण करते डीआरओ। 
विज्ञापन
भिवानी। कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने के विवादित मामले की जांच के लिए बुधवार शाम चार बजे जिला राजस्व अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां टीम ने मौका मुआयना किया। वहीं उनके साथ मौजूद गिरदावर और पटवारी ने रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया।
विज्ञापन

विवाद नया बाजार में खारिया कुआं और चिमनलाल मंदिर की भूमि से जुड़ा है। इससे पहले जिला राजस्व अधिकारी ने इस मामले में संबंधित लोगों को नोटिस देकर तलब किया था। वहीं संबंधित पटवारी से भी इस भूमि से जुड़े रिकॉर्ड के साथ रिपोर्ट तलब की गई थी। इस मामले में छह जनवरी और नौ जनवरी को अमर उजाला ने इस प्रकरण को लेकर सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित की थीं।
हांसी गेट से नया बाजार मार्ग पर बर्फ फैक्टरी के सामने खारिया कुआं और चिमनलाल मंदिर भूमि को लेकर अगस्त 2016 से विवाद चल रहा है। मामला सिविल कोर्ट में भी चल रहा है। इससे पहले इस भूमि को लेकर न्यायालय और रजिस्ट्रार कार्यालय की तरफ ये भूमि की बिक्री नहीं किए जाने व किराये पर नहीं दिए जाने संबंधी आदेश दिए हुए हैं। इसके बावजूद भूमि के खसरा नंबर 286 में पश्चिमी बंगाल निवासी एक महिला ने लोहड़ जोन में चार मरला चार सरसाई भूमि की रजिस्ट्री करा दी। इसकी रजिस्ट्री भी दिसंबर में जिला राजस्व अधिकारी द्वारा ही की गई थी।
विज्ञापन

ये मामला तब उजागर हुआ जब एक नंबरदार ने तहसीलदार को खसरा नंबर 286 में की गई विरासत इंतकाल की रिपोर्ट को खारिज करने का शपथ पत्र दे डाला। हालांकि भूमि की खरीद करने वाले पक्ष के लोगों का दावा है कि उनकी भूमि से खसरा नंबर 286 और मंदिर से कोई वास्ता नहीं है। इस मामले में जिला राजस्व अधिकारी की तरफ से भूमि रजिस्ट्री से संबंधित पक्षों के लोगों को नोटिस जारी किया गया था। जिस पर संबंधित लोगों ने भी अपने बयान दर्ज कराए।
इसके बाद जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार ने बुधवार शाम को नया बाजार बर्फ फैक्टरी के सामने विवादित भूमि की जांच के लिए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गिरदावर और पटवारी भी मौजूद रहे। इस दौरान भूमि की रजिस्ट्री कराई गई जगह से संबंधित रिकॉर्ड का भी अवलोकन मौके पर ही किया गया।
मैंने जिला राजस्व अधिकारी और पटवारी सहित अन्य संबंधित लोगों की मुख्यमंत्री हरियाणा को शिकायत दी है। इस मामले की विजिलेंस जांच की मांग भी उठाई है। संगठन को मंदिर चिमनलाल के नाम से 1924 में भूमि दान देने के तथ्य प्राप्त हुए हैं। इसका इकरारनामा तैयार हुआ था और 1938 में इसका मुख्तयारनामा भी कराया गया। भूमि बेशकीमती और प्राचीन धरोहर व मंदिर से जुड़ी है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों से मिलीभगत कर कुछ लोगों द्वारा मनमर्जी से सरकारी रिकॉर्ड से भी छेड़छाड़ कराए जाने की आशंका है। इसी को लेकर इस पूरे मामले की विजिलेंस से जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
- बृजपाल सिंह परमार, अध्यक्ष, स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन भिवानी।

नया बाजार क्षेत्र में लोहड़ जोन के खसरा नंबर 286 से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री मामले में संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं इस मामले की जांच अभी चल रही है। मैंने राजस्व रिकॉर्ड के साथ कर्मचारियों को मौके पर ले जाकर मौका मुआयना भी किया है। इस मामले में अभी काफी तथ्यों को जांच के दायरे में लाया जा रहा है। जांच के बाद ही इस संबंध में रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
विज्ञापन




- सुरेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी, भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें