महम रोड स्थित दुकानों के बाहर लगे बोर्ड जेसीबी से तोड़ते हुए नप कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
नगर परिषद ने शुक्रवार को चिड़ियाघर मोड़ से महम गेट चौक तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण हटाने गई टीम को दुकानदारों के मामूली विरोध का भी सामना करना पड़ रहा। इस दौरान करीब 22 दुकानों के बाहर लगे साइन बोर्ड को तोड़ा। नप की कार्रवाई का कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, मगर किसी की एक नहीं चली। नप अधिकारियों, कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अब यह अभियान नियमित रूप से चलेगा और कोई भी अतिक्रमण न करें। इस मार्ग की बजाए शहर के कुछ और मार्ग ऐसे है जहां अतिक्रमण की भरमार है और अतिक्रमण हटाओ अभियान की सख्त जरूरत है।इनमें घंटाघर से सराय चौपटा होते हुए बर्तन बाजार तक का मार्ग, नया बाजार मार्ग, रोहतक गेट क्षेत्र प्रमुख है।
सीएम विंडो की शिकायत पर नगर परिषद ने यह कार्रवाई की। नगर परिषद की ओर से दोपहर करीब दो बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की गई। नगर परिषद की टीम जेई पुनीत और सेनेटरी इंस्पेकटर संजय कुमार के नेतृत्व में जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चिडिय़ाघर मोड़ पहुंची। यहां से महम गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां जेसीबी से एक के बाद एक 22 दुकानों के बोर्ड तोड़े गए। अनेक दुकानदारों ने आकर्षक बोर्ड लगा रखे थे तो काफी तो पक्का निर्माण भी करवा रखा था। नप की कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार तो स्वयं ही अपने-अपने बोर्ड हटाने लगे। कुछ दुकानदारों ने नप की इस कार्रवाई का विरोध भी किया।
महम गेट शहर के अति व्यस्त चौराहों में से एक है। जाम के चलते इसे ट्रैफिक पुलिस ने दोराहा बना रखा है। यहां सड़क के चारों मोड़ पर फल विक्रेता रेहड़ी वालों ने कब्जा जमा रखा है। कुछ दुकानदारों का अतिक्रमण और फिर ये रेहडिय़ां। रेहडिय़ां तो सड़क पर लगती है। ऐसे में मार्ग काफी संकरा हो गया है। जिस कारण यहां जाम के हालात रहते है। नप कर्मचारियों ने फल विक्रेता रेहड़ी दुकानदारों को हटाने के लिए कहकर चले गए मगर किसी ने अपनी रेहड़ी नहीं हटाई।
सीएम विंडो पर शिकायत थी कि यहां दुकानदारों ने अवैध कब्जे कर रहे है। जिस कारण यहां आवागमन में परेशानी होती है। इसके लिए तीन दिन का नोटिस दुकानदारों को दिया गया था। मगर इन्होंने नहीं हटाए तो नप कर्मचारियों ने जेसीबी से ये हटाए है।
संजय कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर नगर परिषद