22 फोटो सड़क सुधारीकरण कार्य के लिए तैयारी करते विभागीय अधिकारी व अन्य। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बहल। जिले की प्रमुख सड़क (एमडीआर नंबर 110) बहल से भिवानी रोड की खस्ताहालत अब सुधरने वाली है। प्रथम चरण में बहल से नूनसर तक करीब 8700 मीटर सड़क बनाई जाएगी। सड़क की मौजूदा चौड़ा को बढ़ाकर 7 मीटर किया जाएगा। इस पर करीब 8 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
सुधारीकरण काम पूरा होने पर बहल से ओबरा से जुड़े करीब दर्जनभर गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा। बहल से पातवान को जाने वाले संपर्क मार्ग के सुधारीकरण के लिए भी मंजूरी मिल गई है, जिस पर शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा।
एक किलोमीटर 400 मीटर लंबे इस मार्ग पर करीब 78.76 लाख की लागत आएगी। सड़क की वर्तमान में 3.66 मीटर चौड़ाई से विस्तार कर इसे 5.50 मीटर चौड़ा बनाए जाएगा। इस संपर्क मार्ग के बनने से पातवान, बहल के अलावा क्षेत्र के अन्य गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा।
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल शुक्रवार को बहल से नूनसर बनने वाले इस सड़क मार्ग को बहल में गोकलपुरा मोड़ से सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाई जाने वाली तीन अन्य सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे।
इनमें शामिल खरखड़ी गांव में एक करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाली खरखड़ी से ढिगावा तक संपर्क मार्ग, शहरयारपुर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सिधनवा-ओबरा से ढाणी गुजरान व शहरयारपुर संपर्क मार्ग के अलावा बख्तावरपुरा गांव में तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बख्तावरपुरा से ढाणी बल्हारा गांव की सड़कों का शुभारंभ करेंगे।