हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 30 मार्च से शुरू हो रही सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी परीक्षाओं की तैयारी पूरी हो गई है। नकल रोकने के लिए प्रभावी उड़नदस्तों के अलावा जिलावार अत्यधिक नकल वाले केंद्रों की भी सूची तैयार की गई है, जहां नकल रोकने के लिए संबंधित जिला प्रशासन के साथ मिलकर बोर्ड अधिकारियों का विशेष फोकस रहेगा। सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार में नकल की ज्यादा आशंका है। ज्यादातर संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्र इन्हीं जिलों में हैं।
विज्ञापन
प्रदेश के आठ जिले ऐसे है जहां नकल की संभावनाएं बहुत कम है और इन जिलों में न कोई संवेदनशील और न ही अति संवेदनशील केंद्रा है। बोर्ड की ओर से 14 जिलों में 85 संवेदनशील और 26 अति संवेदनशील केंद्र बनाए हैं।
नकल की बात करें तो हिसार में चार संवेदनशील और दो अति संवेदनशील केंद्र, भिवानी में नौ संवेदनशील और पांच अति संवेदनशील, चरखी दादरी में छह संवेदनशील और एक अति संवेदनशील, झज्जर में आठ संवेदनशील और चार अति संवेदनशील केंद्र बनाए गए हैं।
विज्ञापन
इनके अलावा नूंह में सबसे अधिक 17 संवेदनशील केंद्र हैं। सोनीपत में 14 संवेदनशील और नौ अति संवेदनशील केंद्र हैं। रोहतक में 13 संवेदनशील और चार अति संवेदनशील केंद्र हैं। इन्हें पिछले वर्षों में हुई नकल की घटनाओं के आधार पर संवेदनशील और अति संवेदनशील बनाया गया है।
आठ जिलों में नकल की आशंका कम
प्रदेश के आठ जिले ऐसे है, जहां नकल की आशंका कम है। यानी परीक्षार्थी मेहनत के दम पर परीक्षा देते हैं और अच्छे अंक भी प्राप्त करते हैं। इनमें फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, कैथल, करनाल, रेवाड़ी, सिरसा, यमुनानगर जिले शामिल हैं।
कहां कितने केंद्र जिला केंद्र संवेदनशील अति संवेदनशील
अंबाला 63 01 --
भिवानी 78 09 05
चरखी दादरी 36 06 01
फरीदाबाद 83 -- --
फतेहाबाद 69 -- --
गुरुग्राम 66 -- --
हिसार 128 04 02
झज्जर 55 08 04
जींद 92 01 --
कैथल 79 -- --
करनाल 92 -- --
कुरुक्षेत्र 59 01 --
महेंद्रगढ़ 52 05 --
नूंह 66 17 --
पलवल 72 02 --
पंचकूला 29 01 --
पानीपत 75 01 01
रोहतक 55 13 04
रेवाड़ी 62 -- --
सिरसा 85 -- --
सोनीपत 82 14 09
यमुनानगर 70 -- --
बोर्ड की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। बोर्ड उड़नदस्तों के अलावा जिलास्तर पर भी प्रशासनिक व शिक्षा विभाग अधिकारियों के उड़नदस्ते होंगे। अलग-अलग जिलों में संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र भी चयनित किए गए हैं, जहां नकल रोकने के लिए विशेष फोकस रहेगा। वहां पुलिस फोर्स भी ज्यादा रहेगा। - प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।