भिवानी। जिला नगर योजनाकार कार्यालय ने शहरी क्षेत्र सिवानी में अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौजा गैंडावास में सिवानी-राजगढ़ रोड पर करीब चार एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी में बनाई गई 245 मीटर लंबी इंटरलॉक टाइल सड़क तुड़वा दी।
यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के सहयोग से की गई। जिला नगर योजनाकार जयदीप ने बताया कि मौजा गैंडावास में सिवानी-राजगढ़ रोड पर करीब चार एकड़ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की गई थी। इसमें करीब 245 मीटर लंबी इंटरलॉक टाइल सड़क बनाई गई थी जिसके अवैध निर्माण को विभागीय कार्रवाई के दौरान ध्वस्त कर दिया गया।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट और मकान खरीदने से बचें और प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर निवेश न करें। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र, नियंत्रित क्षेत्र और अनुसूचित सड़कों की हरित पट्टी में किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति लेना जरूरी है। जयदीप ने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी निर्माण से पहले विभागीय अनुमति की जांच कर लें और अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। इससे उन्हें संभावित आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।