भिवानी। खुद को रिश्तेदार बताकर एक जेबीटी टीचर से धोखाधड़ी से 99 हजार रुपये की राशि अपने खाते में डलवा ली। मामले की भनक जब लगी तो पीड़ित ने रिश्तेदार से संपर्क साधकर कंफर्म किया। जिसके बाद सच्चाई का पता लगा तो मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव रेवाड़ी खेड़ा निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि वह गांव उमरावत के सरकारी स्कूल में बतौर जेबीटी अध्यापक तैनात है। उसके पास 26 जनवरी की शाम साढ़े तीन बजे एक फोन आया था। जिस पर बोलने वाले ने खुद को उसके भतीजे का ससुर बताया। उसने कहा कि उसके लड़के का एक्सीडेंट हो गया है। उसे पैसे की जरूरत है उसे फोन पे या गूगल पे से पैसे भेज दो। उसके बाद उससे पूछा की ये तो आपका नंबर नहीं है, इस पर उसने कहा कि उसने नया नंबर लिया है। बातें करने के दौरान ही विक्रम सिंह ने 25-25 हजार दो बार डाले और फिर इसी तरह उसने फोन पर बातें करने के दौरान ही उसके खाते से 99 हजार रुपये डलवा लिए। इसके बाद फिर उसने एक हजार रुपये और डालने की बात कही। इस पर उसे शक हुआ और उसने पैसे न होने की बात कही। इसके बाद जब उसने अपने भतीजे की पत्नी से फोन पर बात कर पिता के संबंध में पूछा तो उसने ऐसी कोई बात न होने की पुष्टि की। जिसके बाद भतीजे के ससुर से फोन पर बात की तो उसने भी फोन करने से साफ इंकार कर दिया और कोई पैसे न लेने की बात कही। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।