सिवानी पुलिस थाना की टीम ने शराब ठेके से शराब व रुपये चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 12 पेटी शराब बरामद की है।
सिवानी पुलिस थाना में बुद्धशैली निवासी कृष्ण ने शिकायत दी थी। उसने बताया था कि उनका गांव नलोई में शराब ठेका है। वहीं आठ अप्रैल की रात को आजाद वासी नलोई अपने अन्य साथियों के साथ शराब ठेके से सामान, रुपये व शराब चोरी कर ले गया। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सिवानी पुलिस के मुख्य सिपाही उदयभान ने शराब ठेके से शराब, रुपये व अन्य सामान चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान अमित, राधेश्याम वासी हरिता हिसार, प्रकाश वासी बड़वा व विजय वासी आदमपुर हिसार के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया और इस दौरान 10 पेटी देसी व दो पेटी क्वाटर शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की।