भिवानी। चार सड़क हादसों में एक महिला सहित सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दाखिल करवाया है। प्राथमिक उपचार के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी।
पहला मामला कालुवास मोड़ का है। दादरी गेट क्षेत्र निवासी 52 वर्षीय प्रकाश ने बताया कि वह अध्यापक है और उसकी पत्नी 45 वर्षीय सुनीता हाउस वाइफ है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी सुनीता के साथ बाइक पर अपने पैतृक गांव मिताथल जा रहा था। जब वो कालुवास मोड़ के नजदीक पहुंचे तो अचानक ही तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसके कारण वो दोनों बाइक से गिर गए। हादसे में वो दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आपातकालीन विभाग में भर्ती करवाया।
दूसरा हादसा निमड़ीवाली के नजदीक का है। बैंक कॉलोनी क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय गुल मोहम्मद ने बताया कि वह फेरी से साड़ी बेचने का काम करता है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी बाइक पर गांव निमड़ीवाली में साड़ी बेचने के लिए जा रहा था। जब वह गांव निमड़ीवाली के नजदीक पहुंचा तो अचानक ही किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण वह घायल हो गया। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया।
तीसरा हादसा सिरसा घोघड़ा का है। गांव सिरसा घोघड़ा निवासी 45 वर्षीय सुभाष ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वह गांव में ही कही जा रहा था। उसकी बाइक के आगे बग्गी चल रही थी। अचानक ही बग्गी वाले ने बग्गी रोक दी जिसके कारण उसकी टक्कर हो गई। बाइक गिरने के कारण वह और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं एक अन्य सड़क हादसे में तीन युवक घायल है। गांव घुसकानी निवासी तीन युवक रविवार शाम करीब छह बजे बाढड़ा क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जब वो बाढड़ा में ढिगावा रोड के नजदीक पहुंचे तो अचानक ही सड़क पर बने गड्ढे में उनकी बाइक गिर गई। जिसके कारण वो तीनों भी नीचे गिर गए। सड़क पर गिरने के कारण तीनों घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सक ने सभी मामलों की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।