शहर की पार्किंग व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस अधीक्षक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। त्योहारों के चलते बाजार में वाहनों से अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर में पार्किंग स्थल बनाए हैं। इसके साथ-साथ प्रशासन ने शहर में नो पार्किंग जोन भी बनाए हैं, जहां पर वाहन खड़े नहीं किए जा सकते। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।
उपायुक्त आएस ढिल्लो द्वारा जारी किए पार्किंग पार्किंग स्थल व नो-पार्किंग स्थल की साइट्स के आदेश 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेंगे। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रशासन के आदेशों की अवहेलना की जाती है तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन अधिकारी, सभी थाना प्रभारी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इन स्थानों पर वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने हांसी गेट से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट तक, हांसी गेट से बासिया भवन तक, हांसी गेट से घंटाघर तक, दिनोद गेट से देवसर चुंगी तक, झंकार मोड़ से महम गेट तक, महम गेट से रोहतक गेट तक और दादरी गेट के आसपास 200 मीटर तक नो पार्किंग जोन निर्धारित किया है। उक्त स्थानों पर वाहन खड़ा करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
यहां खड़े कर सकते हैं वाहन
बाजार में आने वालों के लिए किरोड़ीमल पार्क, सिविल अस्पताल के बाउंड्री वॉल के दोनों तरफ, महम गेट से बड़ चौक तक सड़क के दोनों तरफ और पुराने बस स्टैंड का पार्किंग एरिया सिविल लाइन थाने की तरफ पार्किंग स्थल बनाया है। यहां पर नागरिक अपने वाहन खड़ा करेंगे। बाजार में वाहनों की इंट्री नहीं होगी।