भिवानी के गांव बामला द्वितीय में एक किसान की रंजिश के चलते मंगलवार रात को तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। किसान का शव पड़ोसी के खेत में पड़ा मिला। मृतक की पत्नी की शिकायत पर सदर पुलिस ने एक महिला सहित 13 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। किसान की एक दिन पहले खेत में पानी लगाने के दौरान पड़ोसी द्वारा लाइन पर ट्रैक्टर चढ़ाने को लेकर विवाद हुआ था।
गांव बामला द्वितीय निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र गांव में ही खेतीबाड़ी करता था। सदर पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र की पत्नी पिंकी ने बताया कि उसका पति 31 अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान खेत के पड़ोसी ने उनके पाइप लाइन पर अपना ट्रैक्टर चला दिया। जिस वजह से पाइप टूट गए। इस पर सुरेंद्र ने टोका तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिसमें उसके पति को चोटें आई। इलाज कराने के लिए वह अस्पताल आया। अस्पताल से घर आने के बाद उसका पति एक नवंबर की शाम को अपने खेत में गया था।
इसी दौरान आरोपियों ने उसके पति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। उसके देवर और सास ने पति की हत्या के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह खेत में पहुंचे तो पड़ोसी के खेत में उसके पति का शव पड़ा हुआ था। आरोपी उन्हें देखकर वहां से भाग गए। मृतक के छोटे भाई लीलू ने बताया कि सुरेंद्र दो बच्चों का पिता था। उसका एक लड़का और एक लड़की है। लीलू का आरोप है कि 2010 में भी आरोपियों ने उनके परिवार पर गोली चला दी थी।जिसको लेकर भी विवाद हुआ था। लेकिन अब उसके भाई सुरेंद्र के साथ झगड़ा कर रंजिश के चलते तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ हत्या का केस
सुरेंद्र की हत्या के मामले में सदर पुलिस ने आरोपी मनीष, बिजेंद्र, राजेश, प्रदीप, सुरेश, रणबीर, संदीप, रेनु, श्रीभगवान, नरेश, भूपेंद्र, प्रेम, बितलु उर्फ विनोद के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
मृतक सुरेंद्र की पत्नी की शिकायत पर 13 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने बुधवार को नागरिक असपताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर सभी हत्या आरोपियों की जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
-वीरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी सदर पुलिस थाना भिवानी।