भिवानी। सदर पुलिस थाना के खरक कलां पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले एक गांव में पंचायत चुनावों में प्रत्याशी के पक्ष में वोट नहीं डालने पर घर में घुसकर परिवार सदस्यों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वहीं पीड़ित महिला ने अभद्र व्यवहार व जबरदस्ती करने के प्रयास किए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि गत 30 अक्तूबर की रात को साढ़े 11 बजे कुछ युवक उनके घर में आए और उसके जेठ से पूछने लगे कि वोट किसको दोगे, इस पर उसके जेठ ने कहा कि वोट आपको नहीं देंगे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके जेठ के साथ मारपीट की। बीच बचाव में आए उसके पति पर भी आरोपियों ने धावा बोल दिया। इसी दौरान दो युवकों ने उसे पकड़ लिया और बुरी नियत से उसके कपड़े फाड़ डाले और कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की कोशिश की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे छुड़वाने आई उसकी सास के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। वहीं पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। इस दौरान आरोपियों ने पड़ोसी के भी कपड़े फाड़ डाले। वहीं आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि वे उसके साथ गलत हरकत करने व जान से मारने की धमकी दी। वहीं घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। सदर पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर इस संबंध में गांव के ही आरोपी युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।