बहल (भिवानी)। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच वीरवार सुबह सुरपुरा कलां गांव में खेत के ट्रांसफार्मर पर फेज बदलने चढ़े कासनी खुर्द निवासी किसान बलवान (50) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किसान ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था और करंट की चपेट में आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मामले के जांच अधिकारी उग्रसेन ने बताया कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते किसान बलवान अपने खेत में लगे ट्रांसफार्मर पर खुद ही फेज बदलने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर इत्तफाकिया मौत की प्राथमिकी दर्ज की है। लोहारू अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बिजली निगम बहल के एसडीओ ऋषभ ने बताया कि उन्हें सुरपुरा कलां गांव में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसान खेत में सिंगल फेस को थ्री फेस में बदल रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार बलवान सिंह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई बलबीर ट्रांसपोर्ट के काम में कार्यरत है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है।