भिवानी में महम रोड पर स्थित हवाई पट्टी के समीप रविवार देर शाम को अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव नाथूवास निवासी हरपाल के तौर पर हुई है। शव का नागरिक अस्पताल में सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई रुप सिंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को रुप सिंह ने बताया कि उसका भाई हरपाल रविवार शाम को करीब साढ़े छह बजे बाइक पर खेत से अपने घर नाथूवास आ रहा था। जब वह हवाई पट्टी के समीप पहुंचा तो पीछे से अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसके कारण हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसके भाई को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जांच अधिकारी एएसआई सीताराम ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।