भिवानी। शराब की तलब मिटाने के लिए एक पूर्व सैनिक ठग बन बैठा। उसने एक के बाद एक एटीएम कार्ड बदलकर कई लोगों को मोटा चूना लगा डाला। आरोपी पांच माह पहले ही सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी पूर्व सैनिक ने एक महिला टीचर का एटीएम बदलकर सवा लाख रुपये निकाले जाने की वारदात कबूली है। इसके अलावा आरोपी ने राजस्थान, दिल्ली और भिवानी में धोखे से कई एटीएम कार्ड बदल नकदी निकालने की वारदात भी कुबूली हैं।
साइबर क्राइम टीम इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने बताया कि 20 अगस्त 2021 को घंटाघर एटीएम से एक महिला टीचर को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदलकर लिया था। इसके बाद आरोपी ने एटीएम से तीन दिन में सवा लाख रुपये धोखे से निकाल लिए थे। जिसके बाद महिला टीचर ने खाते से पैसे निकाले जाने की शिकायत पुलिस को दी थी। वारदात के पांच माह बाद आरोपी गिरफ्तार हुआ। सब इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के सीकर जिले के गांव नौराणा निवासी राजेंद्र मीणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके उसके गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने इससे पहले राजस्थान पुलिस के एक कर्मचारी का एटीएम कार्ड बदल 35 हजार रुपये उसके खाते से निकाले थे। इसी तरह भिवानी में भी एक महिला टीचर का एटीएम कार्ड बदल उसके खाते से सवा लाख रुपये निकाल लिए थे। आरोपी ने दिल्ली में भी इसी तरह एक एटीएम कार्ड बदलकर खाते से दस हजार रुपये निकाले थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजेंद्र मीणा शराब की तलब मिटाने के लिए धोखे से लोगों के एटीएम कार्ड बदली कर खाते से पैसे चोरी कर लेता था। शराब की लत के चलते ही वह एटीएम नकदी चोर बन गया। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ के दौरान 88 हजार की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं।