भिवानी। करीब पौने चार लाख बिजली उपभोक्ताओं के जगमग दिवाली मना सकें इसके लिए बिजली निगम ने पूरी तैयारी कर रखी है। पांच दिवसीय दीपावली पर बिजली निगम की तैयारी है कि उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिले। इसके लिए त्योहार में लगातार तीन दिनों तक बिजली निगम के कर्मचारी ट्रांसफार्मर वाइज लाइनों की निगरानी करेंगे।
इस दौरान अचानक कोई भी फाल्ट आने पर तुरंत उसे दूर किया जाएगा। पावर सब स्टेशनों से लेकर फीडरों पर भी फील्ड कर्मचारियों को अलर्ट कर स्पेशल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इतना ही नहीं मेंटनेंस टीम भी लाइनों की निगरानी कर फाल्ट तलाश उन्हें दुरुस्त करने में जुटी हैं। निगम के करीब साढ़े आठ सौ कर्मचारियों की दीपावली पर छुट्टी रद्द कर दी गई है। शिकायत केंद्रों पर भी स्पेशल स्टाफ तैनात रहेगा, जो किसी भी हिस्से में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को दूर कराने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी सर्कल के अंतर्गत चरखी दादरी और भिवानी जिले में करीब पौने चार लाख बिजली उपभोक्ता हैं। दीपों के पर्व पर अंधेरे से दूर चौबीसों घंटे उजियारा रखने के लिए बिजली निगम ने भी ट्रांसफार्मर वाइज निगम कर्मचारियों की निगरानी के लिए स्पेशल ड्यूटी लगाई है। इतना ही नहीं निगम कर्मचारी फीडर पर तैनात स्टाफ के साथ तालमेल बैठाकर पावर सब स्टेशन से भी कोऑर्डिनेशन रखेंगे, ताकि किसी भी तरह की बिजली में कोई बाधा उत्पन्न न हो। बिजली निगम ने छोटी दीपावली से लेकर दीपावली की रात 12 बजे तक करीब साढ़े आठ सौ निगम कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर उन्हें तैनात किया है। ये निगम कर्मचारी किसी भी फाल्ट आने की सूरत में तुरंत हरकत में आएंगे और लगातार अपने इलाके की बिजली पर निगरानी बनाए रखेंगे। इसी तरह शिकायत निवारण केंद्रों पर भी कर्मचारी अलर्ट रहेंगे, कोई भी कॉल आने पर संबंधित फील्ड कर्मचारियों को वहां भेजकर उस व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।
शहरी दायरे के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी निगम की टीमें रहेंगी अलर्ट
सर्कल के अंतर्गत आने वाले दोनों जिलों में शहरी और ग्रामीण दायरे में भी निगम की टीमें अलर्ट रहेंगी। फीडर इंचार्ज के साथ एक सहायक लाइनमैन और डीसी रेट के कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। इसी तरह पावर सब स्टेशन पर दो ऑपरेटर, अटेंडेंट, जेई इंचाई के अलावा मेंटनेंस दस्ता तैनात किया गया है। ये व्यवस्था तीन दिनों तक लगातार जारी रहेगी।
डेढ़ से पौने दो लाख यूनिट तक बढ़ जाएगी अचानक बिजली खपत
दीपावली पर अचानक ही सर्कल में डेढ़ से पौने दो लाख यूनिट तक बिजली की अतिरिक्त खपत बढ़ जाएगी। फिलहाल मौसम थोड़ा ठंडा हुआ है तो फिलहाल 66 लाख रोजाना यूनिट खपत से घटकर 58 लाख 60 हजार तक पहुंच गई है। जिससे लोड भी काफी कम हुआ है। (संवाद)
ये है 11 दिनों में भिवानी और चरखी दादरी में बिजली की खपत
दिनांक खपब
20 अक्तूबर 65.95 लाख यूनिट प्रति दिन
21 अक्तूबर 63.44 लाख
22 अक्तूबर 65.90 लाख
23 अक्तूबर 64 लाख
24 अक्तूबर 64.73 लाख
25 अक्तूबर 61.17 लाख
26 अक्तूबर 60.55 लाख
27 अक्तूबर 60.09 लाख
28 अक्तूबर 58.70 लाख
29 अक्तूबर 58.85 लाख
30 अक्तूबर 58.60 लाख
अलर्ट पर किया दमकल बेड़ा
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग ने दीपावली पर दमकल बेड़े में शामिल स्टाफ को भी अलर्ट पर कर दिया है। चौबीसों घंटे दो शिफ्टों में दमकल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दमकल कर्मचारियों की भी दीपावली पर छुट्टी रद्द की गई है। किसी भी जगह पर कोई आगजनी या फिर अप्रिय घटना होती है तो तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य किया जाएगा। दमकल बेड़े में आठ गाड़ियां हैं।
तीन दिनों तक स्पेशल टीमें करेंगे निगरानी
ग्रामीण व शहरी दायरे के सभी फीडरों पर निगम कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दीपावली पर लगातार तीन दिनों तक लाइनों पर स्पेशल टीमें निगरानी रखेंगी और लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया कराई जाएगी। लाइन में कोई भी फाल्ट या ब्रेकडाउन होती है तो फील्ड की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करेगी।
-रणबीर सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।