भिवानी। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर लगातार ही अपना कहर बरपा रही है। जिले में कोरोना संक्रमित एक और बुजुर्ग महिला की मौत का मामला सामने आया है। इसके बाद कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा पांच हो गया है। वीरवार को जारी बुलेटिन के अनुसार गांव धनाना निवासी कोरोना संक्रमित 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला को गुरुग्राम के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया।
जिले में दो दिन में कोरोना संक्रमण के 273 मरीज सामने आए हैं और 299 मरीज स्वस्थ हुए है। तीसरी लहर में मिले कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2346 हो गया है। हालांकि इनमें से 1165 मरीज स्वस्थ हो चुके है और वहीं पांच संक्रमितों की अब तक तक मौत भी हो चुकी है। वीरवार को कोरोना जांच के लिए 1700 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे है। जिले में कोरोना के फिलहाल 1176 सक्रिय मरीज है, जिनमें से 1146 मरीज होम आइसोलेट है और 30 मरीज की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में दाखिल किया हुआ है। फिलहाल शहरी क्षेत्र में 482 मरीज और ग्रामीण क्षेत्र में 694 मरीज है। वहीं जिले में पांच कंटेंमेंट जोन बनाए हुए हैं।
सीएचसी अनुसार संक्रमितों की जानकारी
सीएचसी संक्रमित
धनाना 125
कैरू 118
लोहारू 53
मानेहरू 109
मीरान 105
तोशाम 96
जमालपुर 88
30 संक्रमितों को किया अस्पताल में दाखिल
जिले में 1146 संक्रमितों को घर पर आइसोलेट किया है, जबकि 30 मरीजों को अस्पताल में आइसोलेेट किया हुआ है। इनमें से 10 संक्रमितों को ईएसआई अस्पताल, चार को चुघ अस्पताल, एक को कदम अस्पताल, पांच को हिसार, दो को दिल्ली और आठ संक्रमितों को नागरिक अस्पताल में आइसोलेट किया हुआ है।
सार्वजनिक स्थलों पर टूट रहे कोरोना नियम
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर लगातार ही बढ़ती जा रही है। बावजूद इसके कोरोना सुरक्षा नियमों का उल्लघंन हो रहा है। शहर के मुख्य बाजारों, पार्कों में लोग कोरोना सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर घूम रहे है। न तो लोगों के चेहरे पर मास्क है और न ही उचित सामुदायिक दूरी का पालन कर रहे है। साथ ही बाजारों में अनेक दुकानों से सेनिटाइजर गायब है। इन दिनों शहर के घंटाघर, दिनोद गेट, हांसी गेट, रोहतक गेट, महम गेट, फैंसी चौक, गोशाला मार्केट, नया बाजार, सराय चौपटा, बिचला बाजार, कृष्णा कॉलोनी चौक, सब्जी मंडी में कोरोना सुरक्षा नियमों का उल्लघंन हो रहा है।
वर्जन:
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता के लिए अलग से स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई हुई है, जोकि लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक कर रहे है। इसके साथ ही स्वास्थ्य द्वारा हर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन की डोज लगाई जा रही है। वैक्सीन के लाभार्थी समय पर डोज लगवा ले। आमजन से अपील है कि मास्क और उचित सामुदायिक दूरी का पालन करें।
- डॉ. कृष्ण कुमार, कार्यवाहक सिविल सर्जन।