भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के साथ जिला नागरिक अस्पताल की पुरानी ओपीडी का नियमित संचालन भी शुरू हो गया है। यहां आठ चिकित्सकों की तैनाती की गई है जहां मरीजों को जांच, उपचार परामर्श और दवाएं मिलेंगी।
पुरानी ओपीडी में ईएनटी, ऑर्थोपेडिक्स, खेल चिकित्सा, छाती एवं तपेदिक रोग, सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, नेत्र रोग और त्वचा रोग विभाग की सेवाएं शुरू की गई हैं। मरीजों की ओपीडी पर्ची भी यहीं कटेगी। फिलहाल इसके लिए एक खिड़की शुरू की गई है जहां महिला और पुरुष दोनों को पर्ची दी जा रही है। जल्द ही महिलाओं के लिए अलग खिड़की शुरू करने की योजना है।
रोजाना 1500 से 1800 मरीजों की ओपीडी
मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना 1500 से 1800 मरीज पहुंच रहे हैं। पुरानी ओपीडी शुरू होने से मेडिकल कॉलेज की ओपीडी पर दबाव कम होगा और मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के कक्ष के बाहर अधिक देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जांच के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग से अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग तक भी नहीं जाना पड़ेगा। पुरानी ओपीडी में दवा वितरण के लिए एक कर्मचारी तैनात किया गया है।
पुरानी ओपीडी में चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर
चिकित्सक का नाम विभाग कमरा नंबर
डॉ. शुभम मेहता ईएनटी 09
डॉ. मुनेश शेरोन ऑर्थोपेडिक्स 22
डॉ. महेंद्र सिंह खेल चिकित्सक 23
डॉ. धर्मेंदर छाती एवं तपेदिक रोग विशेषज्ञ 24
डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. अनिल कुमार सामान्य चिकित्सा 18
डॉ. डीके अहूजा, डॉ. राकेश कुमार धायल सामान्य शल्य चिकित्सा 05
डॉ. राजेश ढुल, डॉ. सोमिता, डॉ. रिधिमा सरदाना नेत्र रोग 08
डॉ. हेमंत सोनी त्वचा रोग 25
अस्पताल में क्यूआर कोड से कर सकेंगे भुगतान
चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मरीजों व तीमारदारों के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू की गई है। अब ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए नकद रुपये देने की जरूरत नहीं होगी। मरीज या तीमारदार क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए यह कैशलेस व्यवस्था शुरू की गई है।
मेडिकल कॉलेज के साथ नागरिक अस्पताल की पुरानी ओपीडी का संचालन भी शुरू कर दिया गया है। यहां चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। मरीजों की सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। अस्पताल में विभिन्न स्थानों पर स्कैनर उपलब्ध कराए गए हैं जिनसे मरीज किसी भी तरह का भुगतान कर सकेंगे। - डॉ. बलवान सिंह, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी