बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों व एकेडमियों के खिलाफ प्रशासन व शिक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। इन शिक्षण संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस भी दिए गए हैं।
तहसीलदार वीरेंद्र गिल व खंड शिक्षा शिक्षा नरेंद्र यादव की टीम ने वीरवार को बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों व एकेडमियों पर छापामार कार्रवाई की। छापेमार कार्रवाई के बाद इन शिक्षण संस्थाओं के संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों व एकेडमी संचालकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
टीम ने तोशाम में छापेमारी के दौरान बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों व एकेडमियों का रिकार्ड खंगाला। एक स्कूल में छापे के दौरान टीम ने स्कूल संचालक से रिकार्ड मांगा तो वह नहीं दिखा पाए। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी व तहसीलदार ने स्कूल संचालक को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा। इसके बाद दो एकेडमियों पर छापे मारे और संचालकों को भी नोटिस दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बिना मान्यता वाले स्कूलों व एकेडमियों में छापे मारे गए हैं। जिन स्कूलों के पास मान्यता नहीं है उनको नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। उन्होंने बताया कि बिना मान्यता वाले स्कूलों व एकेडमियों को नहीं चलने दिया जाएगा। इलाके में कुछ ऐसे स्कूल भी है जिनके पास मान्यता तो पांचवीं या आठवीं कक्षा तक है लेकिन कक्षाएं बारहवीं तक लगाई जा रही हैं। शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिस स्कूल के पास जिस कक्षा तक स्कूल चलाने की मान्यता है वहीं तक ही कक्षाएं लगाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।