बिधनोई गांव में ईमानदारी के लिए डॉ. संदीप को सम्मानित करते भाजपा नेता हनुमान शर्मा पाजू व अन्य
बहल। बिधनोई गांव के डॉ. संदीप खनगवाल द्वारा रास्ते में मिले करीब 15 लाख रुपये के गहने उनके असल मालिक तक पहुंचाकर दिखाई गई ईमानदारी की पूरे बहल क्षेत्र में चर्चा है। समाजसेवी संगठनों और ग्रामीणों द्वारा उनके इस अनुकरणीय कार्य की सराहना की जा रही है और लगातार सम्मान भी किया जा रहा है।
शनिवार को बहल भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष व समाजसेवी हनुमान शर्मा ने उनके घर पहुंचकर इस नेक कार्य के लिए उन्हें बधाई दी और शाल ओढ़ाकर व 5100 रुपये की राशि भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब लालच लोगों की सोच पर हावी होता जा रहा है ऐसे में डॉ. संदीप ने अपने जमीर को जिंदा रखते हुए इतने कीमती गहनों को लौटाकर समाज में ईमानदारी की नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि संदीप का यह कदम क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं बिधनोई ग्राम पंचायत ने भी घोषणा की है कि गांव के इस ईमानदार युवक को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा ताकि अन्य युवा भी उनकी ईमानदारी से प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार, पवन शर्मा सुरपुरा कलां और नवीन बागाण बिधनोई मौजूद रहे।