चरखी दादरी। गांव पालड़ी में शादी समारोह के अलावा अगर किसी भी शुभ कार्य में डीजे बजता है, तो पंचायत डीजे मालिक के 51 हजार रुपये जुर्माना वसूल करेगी। साथ ही उसका सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा। यह बात उस व्यक्ति पर भी लागू होगी, जो अपने यहां डीजे कार्यक्रम आयोजित कराएगा। बुधवार को पालड़ी में हुई पंचायत में यह फैसला लिया गया।
गांव पालड़ी के पूर्व सरपंच कैलाश पालड़ी ने बताया कि 29 नवबंर को पूर्व डीपीई रामसिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न ग्राम सभा में यह निर्णय लिया गया था। बुधवार को इस फैसले की समीक्षा के लिए बैठक को आयोजित की गई। इसमें पाया गया कि करीब एक महीने बाद भी गांव में आयोजित मांगलिक कार्यक्रमों में डीजे नहीं बजाया गया है। उन्होंने फरमान को लेकर साफ किया कि अगर कोई डीजे मालिक विवाह शादियों के अलावा किसी कार्यक्रम में डीजे किराये पर देता है तो इसकी जिम्मेदारी भी उसकी होगी। डीजे मालिक का भी पंचायत सामाजिक बहिष्कार कर जुर्माना राशि भी वसूलेगी। इस विषय में जिला तथा पुलिस प्रशासन को भी बता दिया गया है। इस मौके पर निवर्तमान सरपंच मांगेराम, कैप्टन वेदप्रकाश यादव, अत्तर सिंह यादव, राजेंद्र योगी, नंद किशोर ठेकेदार, रघुबीर सिंह, पूर्व पंच रामेश्वर, मास्टर रामकुमार, मास्टर विद्यानंद, पूर्व सरपंच ऋषिपाल, राजकुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।