भिवानी। हत्या की नीयत से गाड़ी से बाइक सवारों को मारी टक्कर मार दी। इस मामले में पीजीआई में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामला तीन जून शाम साढ़े छह बजे का है। घायल युवक की शिकायत पर उसके दोस्त की हत्या में नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ औद्योगिक पुलिस थाना में केस दर्ज हुआ है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में बिहार के बेगूसराय मालीपुर गांव निवासी सचिन ने बताया कि वह हाल कीर्तिनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। गत तीन जून की शाम करीब साढ़े छह बजे वह घूमने के लिए मोहता चौक पर गया था। वहां विद्यानगर कॉलोनी निवासी उसके दोस्त राकेश के साथ तीन युवक झगड़ा कर रहे थे। उसने बताया कि आरोपी कीर्ति नगर निवासी संजय, पीपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र वासी अभिषेक और महम रोड निवासी अंकित उसके दोस्त राकेश के साथ मारपीट कर रहे थे तो उसने उसका बीच बचाव किया। आरोपियों से बचने के लिए वे दोनों बाइक पर बैठक नया बस स्टैंड से भिवानी शहर की तरफ आने लगे।
आरोपियों ने अपनी ब्रेजा गाड़ी से उनका पीछा किया और मिनी बाईपास पर जान से मारने की नियत से उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए गाड़ी उन पर चढ़ा दी। इसके बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए। इसकी जानकारी भाई सुंदर को मिली तो उसने राहगीरों की मदद से इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रोहतक पीजीआई में चार जून को इलाज के दौरान उसके दोस्त राकेश ने दम तोड़ दिया। चिकित्सक ने उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी। इसके बाद वह घर पहुंचा। औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ विक्रम सिंह ने राकेश की हत्या मामले में आरोपी कीर्तिनगर निवासी संजय, पीपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र वासी अभिषेक और महम रोड निवासी अंकित के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।