फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: धनतेरस कल, सजे बाजार, 50 करोड़ के व्यापार की उम्मीद, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद

Mon, 28 Oct 2024 03:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। धनतेरस मंगलवार को मनाई जाएगी। इसके लिए शहर के बाजार दुल्हन की तरह सज चुके हैं। शहर के सराफ, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में ग्राहक जमकर खरीदारी करेंगे। व्यापारियों के अनुमान से धनतेरस पर करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जेबकतरों पर नजर रखने के लिए बाजारों में सादी वर्दी में पुलिस कर्मी तैयार रहेंगे।
विज्ञापन

दीपावली और धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। खरीदारी के लिए लोगों में उत्साह बना है। बाजार में बढ़ती भीड़ के कारण दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक बाजार के साथ बर्तन बाजार में भी रौनक नजर आने लगी है। दोपहिया और चौपहिया वाहनों को खरीदने में कई ग्राहक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हालांकि कई शोरूमों में वाहनों की अग्रिम बुकिंग भी की जा रही है।
दोपहिया और चौपहिया वाहनों को देखने पहुंच रहे ग्राहकों को कई तरह के लुभावने ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इनमें गिफ्ट हैंपर, स्क्रैच कार्ड, कैशबैक, सोना, चांदी का सिक्का शामिल है। इससे वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को भी फायदा मिल रहा है। धनतेरस पर पुराने समय से ही बर्तन, आभूषण, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन आदि सामान खरीदने की परंपरा है, जिससे धनतेरस के दिन बाजार में भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
विज्ञापन

इलेक्ट्रॉनिक स्कूटर और ई-बाइक खरीदने के लिए लोग शोरूमों में पहुंच रहे हैं। हालांकि पेट्रोल और डीजल की कीमत ज्यादा होने के कारण लोग ई-वाहनों की तरफ भी रुख करने लगे हैं। ऐसे में ग्राहक धनतेरस के दिन वाहनों को घर ले जाने की तैयारी में हैं। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार इस बार धनतेरस पर 50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

ग्राहक ऑनलाइन भी कर रहे सामान बुक
धनतेरस और दिवाली पर खरीदारी के लिए लोग बाजारों के साथ ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों से भी सामान की बुकिंग कर रहे हैं। क्योंकि ऑनलाइन कंपनियों ने भी त्योहारी सीजन में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार के ऑफर दिए हैं। इससे लोगों का रुझान बाजारों के साथ ही ऑनलाइन मार्केट पर भी है।

धनतेरस पर बेहतर कारोबार की आस
बर्तन कारोबारी राजीव मित्तल का कहना है कि धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना काफी शुभ माना जाता है। इसलिए ग्राहक धनतेरस और दीपावली के दिन भी बर्तन खरीदने के लिए बाजारों में पहुंचेंगे। बाजारों में ग्राहकों के पसंद के हिसाब से सभी प्रकार के बर्तन पहुंच चुके हैं। इस बार धनतेरस और दीपावली पर बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है।


धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान खरीदना बेहतर
कारोबारी विजय टुटेजा ने बताया कि धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सामान खरीदना काफी शुभ माना गया है, इसलिए हर साल लोग धनतेरस पर जमकर खरीदारी करते हैं। इस बार ग्राहक वाॅशिंग मशीन, एलईडी टीवी समेत उपहार सामग्री के तौर पर हीटर की मांग ज्यादा कर रहे हैं। हालांकि बाजार में कई तरह के सामान उपलब्ध हैं। ग्राहक हर प्रकार का सामान खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

घंटाघर पर दूरबीन से निगरानी, बाजारों में सादी वर्दी में तैनात रहेगी पुलिस
दीपावली और धनतेरस पर विशेषकर बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। बाजारों में संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस दूरबीन से नजर रखेगी। इसके लिए लोहे के स्टैंड पर खड़ा होकर पुलिस कर्मचारी दूरबीन से बाजार में नजर रखेगा। बाजारों के बीच में पुलिस प्रभावी गश्त के साथ सादी वर्दी में भी तैनात रहेगी। ताकि जिलावासी सामाजिक समरसता के इस त्योहार को पूरे उत्साह और खुशी के साथ मना सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें