भिवानी। एक महिला को मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में कस्टमर मैनेजर और स्टोर मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
गांव तिगड़ाना निवासी ज्योति ने सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में बताया कि वह गृहिणी है और उसका पति खेतीबाड़ी करता है। उसके पास 20 सितंबर 2021 को एक मैसेज आया। जिसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को टाटा इंडिया का कस्टमर सर्विस मैनेजर बताया। उसने कंपनी में पैसे जमा कराने पर कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच दिया। महिला से कई बार कंपनी में उसका खाता खोलकर कई बार पैसे जमा कराए गए। समय समय पर कंपनी की तरफ से उसे उसका प्रोफिट भी बताते रहे। जिससे उसे पैसे वापस होने की तसल्ली होती रही। इस तरह महिला करीब चार लाख रुपये कंपनी में खुले खाते में जमा करा चुकी थी। उसका लाभांश मिलाकर पांच लाख 94 हजार रुपये बताए गए। मगर जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो उसका खाता ही सीज कर दिया। उसे धोखाधड़ी होने का शक हुआ तो मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। जिसके बाद सदर पुलिस थाना ने ज्योति की शिकायत पर टाटा इंडिया कंपनी के कस्टमर मैनेजर व स्टोर मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।