भिवानी। बिजली टावर लगाने के विरोध में शनिवार को गांव निमड़ीवाली में महापंचायत हुई। इसमें किसान संगठन और खाप प्रतिनिधियों ने फैसला लिया कि बिजली टावर जहां लगने हैं, वहीं पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इसके अलावा प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। दो दिन में प्रशासन बातचीत कर समाधान निकाले। अगर जल्द प्रशासन ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
गांव निमड़ीवाली के खेतों में हुई महापंचायत की अध्यक्षता नरसिंह सांगवान डीपीई, बलवंत नंबरदार, रामफल देशवाल, राकेश आर्य, जागेराम बोहरा, संतोष देशवाल, रोहताश सैनी व मास्टर राजसिंह ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन किसान सभा के कामरेड ओमप्रकाश ने किया। इस दौरान नरसिंह सांगवान डीपीई, कामरेड ओमप्रकाश और राकेश आर्य ने कहा कि जब तक पीड़ित किसानों को न्यायोचित मुआवजा नहीं मिल जाता तब तक धरना स्थल पर 24 घंटे का अनिश्चितकालीन धरना रहेगा। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के बगैर काम शुरू नहीं होगा। वहीं धरना स्थल पर 24 घंटे लंगर चलाया जाएगा। प्रत्येक दिन एक-एक संगठन की धरना चलाने की जिम्मेदारी होगी। यदि प्रशासन व निगम सोमवार तक बातचीत करके न्यायोचित मुआवजा स्वीकार नहीं करेगा। तो मंगलवार को बैठक करके आंदोलन का बड़ा फैसला लिया जाएगा।
महापंचायत में ये रहे मौजूद
गांव निमड़ीवाली के खेतों में लगाए जा रहे बिजली के टावरों के विरोध में बिजली निगम और प्रशासन के खिलाफ किसान संगठनों ने महापंचायत का आयोजन किया। महापंचायत में सांगवान खाप 40, फोगाट खाप 19, युवा कल्याण संगठन, अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी , ग्राम स्वराज किसान मोर्चा, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ,पगड़ी संभाल जट्टा संघर्ष समिति, चोगामा खाप, जाटू खाप, जनवादी महिला समिति, सीटू , यूटीयूसी व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सदस्य मौजूद रहे।