अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश देते उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। कोरोना संक्रमण की आशंकित तीसरी लहर से बचाव के लिए समुचित स्वास्थ्य संसाधनों का होना जरूरी है। यह बात डीसी जयबीर सिंह आर्य ने कही। डीसी आर्य लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में कोरोना संक्रमण की आशंकित तीसरी लहर से बचाव को लेकर स्वास्थ्य संसाधनों व स्वास्थ्य विभाग की तैयारी की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार के अलावा साधन-संपन्न लोगों, उद्योगपतियों, गेल व पावर ग्रिड के सहयोग से भी स्वास्थ्य संसाधन जुटाए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी जरूरी होता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर सामान्य अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए हमारे पास पर्याप्त संसाधनों का होना जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि सभी सामान्य अस्पताल व सीएचसी व पीएचसी में जरूरी संसाधन हों ताकि वहां पर लोगों का उपचार किया जा सके। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सा बेड का होना जरूरी है। इसके अलावा सामान्य अस्पताल में पर्याप्त आईसीयू बेड होने चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग के पास कम से कम 50 आईसीयू बेड होने चाहिए। बैठक में एसडीएम संदीप अग्रवाल, नगराधीश हरबीर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत, पीएमओ डॉ. मंजू, उप सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार व डॉ. आशीष कुमार, बिजली निगम अधीक्षक अभियंता रणबीर सिंह, जिला रेडक्रॉस सचिव प्रदीप हुड्डा आदि मौजूद रहे।