काली पट्टी बांधकर विरोध जताते पशु चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के आह्वान पर बुधवार जिले के पशु चिकित्सक संघ ने सभी पशु चिकित्सकों को काली पट्टी बांधकर कार्य करने का समर्थन किया। संघ के अध्यक्ष डॉ. सुरेश सांगवान ने बताया कि सांसद मेनका गांधी की कई ऑडियो वायरल हुई हैं, जिनमें बार-बार पशु चिकित्सकों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है और धमकी दी गई है कि उनका लाइसेंस रद्द करवा दिया जाएगा। अभी एक नया ऑडियो आया है, जिसमें डॉ. एलएल गुप्ता को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाया जा रहा है। कुछ दिन पहले यही व्यवहार डॉ. विकास शर्मा के साथ हुआ था। इसी के विरोध में पशु चिकित्सकों ने काला दिवस मनाते हुए काली पट्टी बांधकर ड्यूटी दी।
रजिस्टर्ड वेटरनेरी एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. विजय सनसनवाल ने कहा कि यदि को पशु चिकित्सक से समस्या है तो वीसीआई को शिकायत कर सकते हैं। उस पशु चिकित्सक पर कार्रवाई करने का अधिकार वीसीआई को है, फिर भी दिग्गज नेताओं द्वारा ऐसी भाषा का प्रयोग किया जाना निंदनीय है। इसलिए बुधवार को काला दिवस मनाया गया है। भारतीय पशु चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश शर्मा ने मेनका गांधी द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के बारे में प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।