डीआरडीए हॉल में अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश देते उपायुक्त जयवीर सिंह।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। कर्मचारी चयन आयोग की ओर से नौ व दस जनवरी को प्रस्तावित ग्राम सचिव परीक्षा के लिए उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें उपायुक्त ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के चलते प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर और मास्क रखे जाएंगे। किसी भी परीक्षार्थी को बिना मास्क के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अंगूठे के निशान लेने से पहले भी सैनिटाइज किया जाना जरूरी है। प्रवेश से पहले परीक्षार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग व मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि ग्राम सचिव की परीक्षा के लिए भिवानी में 36 जगहों पर 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों को कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्धारित समय के अनुरूप ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। कर्मचारी चयन आयोग के निर्देशानुसार फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी होगी। परीक्षा केंद्र व प्रत्येक रूम के बाहर वहां पर ड्यूटी देने वाले परीक्षा केंद्र अधीक्षक व कर्मचारियों के नाम की सूची लगाई जाएगी। ड्यूटी देने वाले सभी कर्मचारियों को फोटो आई कार्ड जारी होंगे। किसी भी कर्मचारी को अपने साथ मोबाइल लेकर जाने की इजाजत नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर लगाए जाने वाले सभी जैमर व सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बॉयोमैट्रिक व फेस स्कैनिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला मेें करीब 40 हजार परीक्षार्थी देंगे। सुबह के सत्र में साढ़े 10 से 12 बजे तक शाम के सत्र में तीन बजे से साढ़े चार बजे तक परीक्षा होगी। कर्मचारी चयन आयोग की हिदायतों के अनुरूप परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए भी एक घंटा दिया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बॉयोमैट्रिक मशीन लगाई जाएगी।