फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएपी के लिए मारामारी: खाद लेने के लिए उमड़े किसान, हंगामा हुआ तो बुलानी पड़ी पुलिस, चौकी में लाइन लगवाकर दिए नंबर

Wed, 13 Oct 2021 11:40 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)

सार

चौकी इंचार्ज ने किसानों की लाइन खरीद केंद्र के बाहर से हटाकर पुलिस चौकी में लगवाई और उन्हें खाद लेने के लिए खुद नंबर भी दिए। जिसके बाद खरीद केंद्र से किसानों को खाद मिली। खाद लेने पहुंचे किसानों ने खरीद केंद्र के बाहर नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन भी किया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भिवानी अनाज मंडी परिसर में सरकारी खाद वितरण केंद्र पर बुधवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ बेकाबू हुई तो व्यवस्था भी बिगड़ गई। इसको लेकर कई किसानों के बीच नौबत हाथापाई तक आ गई। खाद वितरण कर रहे कर्मचारियों ने भी हाथ खड़े कर दिए। इस पर किसानों ने हंगामा कर दिया। 
विज्ञापन



हंगामे की सूचना पुलिस को दी। अनाज मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे, मगर गुस्साएं किसानों को समझाने के बाद भी व्यवस्था नहीं बनी। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने किसानों की लाइन खरीद केंद्र के बाहर से हटाकर पुलिस चौकी में लगवाई और उन्हें खाद लेने के लिए खुद नंबर भी दिए। जिसके बाद खरीद केंद्र से किसानों को खाद मिली। खाद लेने पहुंचे किसानों ने खरीद केंद्र के बाहर नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन भी किया और गुस्साए किसानों ने आरोप लगाया कि सुबह चार बजे आने के बावजूद लाइन में दोपहर बाद तक भी उनका नंबर नहीं आया। 


यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग के प्लान में फंसा भ्रूण लिंग जांच कराने वाला: टीम ने जांच के लिए भेजी महिला, 24 हजार में तय किया सौदा, काबू
विज्ञापन



अनाज मंडी में सरकारी खाद बिक्री केंद्र के बाहर डीएपी लेने के लिए किसानों की बुधवार अल सुबह से ही भारी भीड़ जुटी थी। जैसे जैसे दिन आगे बढ़ा उसी के साथ किसानों की लाइन भी लंबी होती चली गई। कई किसान लाइन को तोड़कर पहले खाद लेने के प्रयास भी करते रहे। इसी को लेकर खरीद केंद्र पर व्यवस्था कई बार बिगड़ी। आखिर में कई घंटों से लाइन में लगे किसानों ने दोपहर तक खाद नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया।


किसानों की लाइन टूटी तो बिक्री केंद्र के बाहर ही काफी देर तक हंगामा हुआ और खाद वितरण का काम भी रुक गया। खरीद केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने खाद बांटना बंद कर दिया और पुलिस बुला ली। जिसके बाद अनाज मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने किसानों को काफी समझाने का प्रयास किया, मगर खरीद केंद्र पर काफी देर बाद भी व्यवस्था नहीं बन पाई।

किसानों की धक्कामुक्की के बीच बिक्री केंद्र के कर्मचारियों ने भी खाद वितरण से इनकार कर दिया। किसानों का आक्रोश बढ़ गया और किसानों ने खाद बिक्री केंद्र के बाहर ही नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों का आरोप था कि सुबह से लाइन में लगे हैं, मगर कर्मचारी अपने चहेतों को खाद दे रहे हैं। यहां कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि दोपहर बाद बिना खाद दिए ही किसानों को स्टॉक खत्म होने की बाद कहकर लौटाया जा रहा है। इस पर चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह ने किसानों के समक्ष सुझाव रखा कि वे अपनी लाइन चौकी के बाहर लगा लें।


जिसके बाद किसान खरीद केंद्र की लाइन से हटकर पास ही पुलिस चौकी में लाइन लगाकर खड़े हो गए। जिन्हें एक-एक कर चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह ने खुद खाद लेने का नंबर दिए। इसके बाद ही उन्हें खाद मिली। 


चौकी में खाद लेने की लगी लंबी लाइन
अनाज मंडी पुलिस चौकी में बुधवार को खाद लेने आने वाले किसानों की लंबी लाइन लगी। यह नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। आम तौर पर खाद लेने की लाइन बिक्री केंद्र के बाहर होती हैं, मगर जहां लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे, वहां किसान पहले से ही लाइनों में खाद लेने के लिए खड़े थे। पुलिस ने यह कदम व्यवस्था बनाने के लिए उठाया था। जिसके बाद हंगामा कर रहे किसान भी शांत हो गए थे। 
विज्ञापन

सुबह चार बजे ही लाइन में लगे थे किसान
मुझे सरसों की बिजाई करनी है। इसी के लिए डीएपी लेने के लिए खरीद केंद्र पर सुबह चार बजे पहुंचा था। सुबह नौ बजे बाद केंद्र पर खाद बंटनी शुरू हुई, मगर दोपहर तक भी नंबर नहीं आया। कई लोग फोन मिलाकर कर्मचारियों से लाइन में लगे बगैर ही खाद लेते रहे, इसी पर झगड़ा हुआ।
-दर्शन, नीमड़ीवाली निवासी किसान।
 

मैं फसल बिजाई के लिए खाद लेने के लिए आया था, मगर खरीद केंद्र पर कर्मचारी महज दो कट्टे डीएपी दे रहे हैं, जबकि मुझे जरूरत सात कट्टों की है। घंटों तक बारी का इंतजार किया। खरीद केंद्र पर कोई व्यवस्था नहीं है, जिसको लेकर मुझे काफी परेशानी हुई है।
-हरिकुमार, गांव दिनोद निवासी किसान। 

मुझे दस एकड़ में फसल बिजाई करनी है, मगर खरीद केंद्र पर सिर्फ दो कट्टे खाद दी जा रही है। कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे हैं। खाद नहीं मिली तो बिजाई भी नहीं होगी। सुबह से परेशान हैं। 
-मामनचंद, गांव अजीतपुरा निवासी किसान।

मैं लगातार तीन दिन से खाद लेने के लिए बिक्री केंद्र के चक्कर लगा रहा हूं। जब तक लाइन में मेरा नंबर आता है तब तक खाद खत्म हो जाती है। अब काफी परेशान हो चुका हूं। पुलिस चौकी में लाइन लगने के बाद मुझे सिर्फ दो कट्टे खाद मिली है। इससे क्या होगा।
- जगदीश, गांव नांगल निवासी किसान। 



किसानों से शांति बनाए रखने का अनुरोध

खरीद केंद्र के बाहर किसानों ने हंगामा कर दिया था, जिसके बाद मेरी टीम वहां पहुंची थी। किसानों को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस चौकी में ही खाद वितरण को लेकर व्यवस्था बनाने के लिए नंबर दिए गए, जिसके जरिये खरीद केंद्र पर खाद का वितरण हुआ। खरीद केंद्र पर खाद बिक्री के दौरान भी पुलिस तैनात की गई है। किसानों से भी शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है।
-सज्जन सिंह, इंचार्ज, अनाज मंडी पुलिस चौकी भिवानी। 



एक किसान को पांच कट्टे देने के निर्देश

अब तक जिले में करीब 9 हजार टन खाद का वितरण हो चुका है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक 883 टन यानी 17 हजार कट्टे डीएपी आया है। जिसका वितरण किया जा रहा है। प्रत्येक किसान को पांच कट्टे डीएपी दिए जाने के निर्देश हैं। पोश मशीन के जरिये खाद वितरित की जा रही है। जिले में 25 हजार टन डीएपी की डिमांड है। 16 हजार टन डीएपी और मंगवाई गई है। 
-डॉ. आत्माराम गोदारा, कृषि उपनिदेशक भिवानी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें