हरियाणा के भिवानी जिले के गांव झुप्पाकलां में निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर सो रहे एक युवक की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर शुक्रवार रात को हत्या कर दी। परिजनों को शनिवार सुबह हत्या का पता चला। मामले की जानकारी झुप्पाकलां पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव का शनिवार दोपहर बाद भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।
देवीलाल ने बताया कि पुराने मकान से निर्माणाधीन मकान सिर्फ 500 मीटर दूर है। उनके मकान के आसपास भी परिवार के लोगों के मकान हैं, लेकिन हत्यारों की किसी को कोई भनक भी नहीं लगी। हत्यारे अपना काम इतनी सफाई से कर गए कि सुनील को भी उनके आने का आभास तक नहीं हुआ। क्योंकि मृतक सुनील को बिस्तर पर ही ताबड़तोड़ तेजधार हथियार से सिर में हमला कर दिया। जिससे उसे संभलने का भी मौका नहीं मिला और उसी समय दम तोड़ दिया।
मृतक सुनील दो भाई और दो बहनों में एक था। उसका बड़ा भाई देवीलाल राजकीय कॉलेज सिवानी में प्रोफेसर लगा हुआ है, जबकि एक बहन की शादी हो चुकी है। उसकी छोटी बहन और वह अभी अविवाहित था। पांच माह से नया मकान बनाने का काम चल रहा था। बड़ा भाई देवीलाल का कहना है कि मकान बनने के बाद सुनील व छोटी बहन की शादी के बारे में परिवार सोच रहा था। इसी दौरान यह अनहोनी हो गई।
मृतक सुनील के भाई देवीलाल की शिकायत पर गांव के ही सचिन उर्फ शंकर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -एएसआई जोगेंद्र सिंह, जांच अधिकारी सिवानी पुलिस थाना।